कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में 8 महीने में 235 नशा तस्कर गिरफ्तार, 254 गांव नशा मुक्त

कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में 8 महीने में 235 नशा तस्कर गिरफ्तार, 254 गांव नशा मुक्त

जिला वासियों के सहयोग से जिला का नशा मुक्त बनाना है उद्देश्यः एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

जिला वासियों को नशा ना करने बारे जागरूक करने के साथ साथ नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही कैथल पुलिस,

वर्ष 2026 दौरान 8 महीने में 153 मामलो में 235 आरोपी किए गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जिले के 254 गांव हो चुके नशा मुक्त,

5 नशा तस्करों की 85 लाख की संपत्ति फ्रीज, 3 मकान गिराए, एक को जेल में किया डिटेन

कैथल//06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नशे के खिलाफ कैथल पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिला पुलिस द्वारा एक ओर जहां आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों, ग्राम पंचायतों तथा आमजन के सहयोग से कैथल जिले के 254 गांव नशा मुक्त श्रेणी में दर्ज हो चुके हैं। पुलिस द्वारा इन गांवों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नशे की बिक्री एवं सप्लाई को पूरी तरह रोका जा सके।

· 8 माह में 153 मामले दर्ज, 235 नशा तस्कर गिरफ्तार

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस ने 8 माह में 153 मामले दर्ज कर 235 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3050 किलो 760 ग्राम डोडा पोस्त, 144 किलो 381 ग्राम चूरा पोस्त, 157 किलो 738 ग्राम गांजा, 16 किलो 51 ग्राम अफीम, 7 किलो 30 ग्राम चरस, 1 किलो 768 ग्राम हेरोइन, 15 किलो 130 ग्राम अफीम के पौधे, 7183 नशीली गोलियां, 348 नशीले इंजेक्शन तथा नशीली गोलियों का 3 किलो 206 ग्राम घोल बरामद किया गया है। इन 153 मामलों में 34 मामले कमर्शियल क्वांटिटी के हैं, जिनमें 60 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

पुलिस की सख्ती का असर नशा मुक्त घोषित गांवों में भी देखने को मिल रहा है। नशे की बिक्री एवं सप्लाई पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर गांवों में सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी है।

· नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर भी कड़ी कार्रवाई

एसपी ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 के दौरान कैथल जिले के 5 आदतन नशा तस्करों की करीब 84 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई गई है। इनमें गांव खरकां निवासी बीरो देवी, उसके पति मालक राम व पुत्र रवि तथा सजुमा रोड कलायत निवासी राजेश व उसके भाई विकास शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत आदतन नशा तस्कर गांव खरकां निवासी मालक राम को नियमानुसार जिला जेल में एक वर्ष के लिए डिटेन करवाया गया है। नशा तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई 2026 को जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सिरटा रोड कैथल स्थित तीन नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकानों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया था।

· एसपी मनप्रीत सिंह सूदन का संदेश

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस का लक्ष्य केवल नशा तस्करों को जेल भेजना नहीं, बल्कि जिले की युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है। इसके लिए पुलिस द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान, गांवों में बैठकें तथा आमजन के सहयोग से नशा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। एसपी ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ कैथल पुलिस का साथ दें और अपने आसपास नशे की बिक्री या सप्लाई की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें, उनसे संवाद करें तथा उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक करें। एसपी ने कहा कि जिला वासियों के सहयोग से ही कैथल को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाया जा सकता है। आइए, हम सभी मिलकर नशे के खिलाफ एकजुट हों और अपने युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाएं।

Share:

Comments

Leave a comment