कैथल में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रेडिट कार्ड ठगी और अवैध शराब के साथ कई आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस द्वारा जिला नशा मुक्त अभियान के तहत संदिग्ध नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। गांव कल्लर माजरा, डेरा गरजा सिंह, डेरा राय सिंह में सीआईए-1, सीआईए गुहला, एंटी नारकोटिक सैल, थाना सीवन तथा ढांड रोड़, बस स्टैंड, कोर्ट कॉम्प्लेक्स कैथल के पास बनी झोपड़ियों में थाना सिविल लाइन द्वारा सघन कांबिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में करीब 200 पुलिस कर्मचारी शामिल रहे।
नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत पुलिस की विशेष रेड
कैथल में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वीरवार को सुबह विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा विशेष कांबिंग एवं सर्च अभियान चलाकर नशा व शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष रेड की गई। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार, सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसंवत सिंह व एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी प्रदीप कुमार की टीमों ने डेरा गरजा सिंह व कल्लर माजरा में सघन कांबिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों पर गहनता से सर्च करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
थाना सीवन और सिविल लाइन क्षेत्र में भी सर्च अभियान
थाना सीवन पुलिस प्रभारी महिला एसआई मुकेश के नेतृत्व में टीम ने डेरा रायसिंह वाला क्षेत्र में विशेष कांबिंग अभियान चलाया। थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र की टीम ने ढांड रोड, बस स्टैंड तथा कोर्ट कॉम्प्लेक्स कैथल के पीछे स्थित झोपड़ियों में सघन कांबिंग एवं सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे या अवैध शराब की तस्करी करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
क्रेडिट कार्ड से करीब 96 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी काबू
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार की अगुवाई में एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने आरोपी गांव मनवाली जिला फतेहाबाद निवासी विकास उर्फ विक्की को काबू कर लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त राशि को निकालकर कमीशन के आधार पर साइबर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों को देता था। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का अदालत से 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
मारपीट और फायरिंग के मामले में महिला आरोपिया गिरफ्तार
थाना सीवन क्षेत्र के गांव नागल में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपिया को काबू किया है। सीवन थाना पुलिस प्रभारी एसआई मुकेश रानी की अगुवाई में एएसआई राजेश कुमार की टीम द्वारा गांव नागल निवासी जीतो देवी को काबू कर लिया गया। इस वारदात में इस्तेमाल की गई एक लाठी बरामद की गई है और आरोपिया को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सट्टा खाईवाली कर रहा आरोपी काबू और अवैध शराब बरामद
सीआईए कलायत पुलिस प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सैंसी बस्ती कलायत में सरेआम सट्टा खाईवाली कर रहे वार्ड न0 2 सैंसी बस्ती कलायत निवासी राजकुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2070 रुपये नकदी बरामद की गई। इसके अलावा अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत अलग-अलग 5 मामलों में 5 आरोपियों को कुल 81 बोतल अवैध शराब के साथ काबू किया गया है।