कैथल: NIILM यूनिवर्सिटी में नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई गई मोदी के 25 साल के सेवा कार्यों की झलक

कैथल: NIILM यूनिवर्सिटी में नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई गई मोदी के 25 साल के सेवा कार्यों की झलक

कैथल, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर की एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नमो सेवा अनकही कहानियां नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। सांस्कृतिक एवं कला विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सफर और उनके कार्यों को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में हरियाणा लेबर फेड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के कार्यों को दर्शाया

नाटक के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश में किए गए विभिन्न कार्यों को दर्शाया गया। राजीव शर्मा एंड टीम ने अपनी प्रस्तुति के दौरान यह दिखाने का प्रयास किया कि किस प्रकार गुजरात में विकास मॉडल को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद देश के स्तर पर विभिन्न योजनाओं और विकास योजनाओं के कार्यों को गति दी गई।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य

चेयरमैन देवेंद्र पांचाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से प्रधानमंत्री जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

पांचाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश और समाज को मजबूत बनाने में योगदान देने का विशेष आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखना बहुत जरूरी है। समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने और संयुक्त परिवार की भावना को महत्व देने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाने की जरूरत है।

यूनिवर्सिटी के अधिकारी और विद्यार्थी रहे मौजूद

इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. आरसी कुहड़ और प्रो वाइस चांसलर डॉ. देवेंद्र ढुल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान डायरेक्टर एडमिशन राजेंद्र गोयत, सहायक राहुल शर्मा, और मनोज कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment