कैथल में हत्या मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ व अवैध शराब के साथ कई तस्कर काबू

कैथल जिले में अपराध और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत विभिन्न मामलों में हत्या के आरोपियों समेत कई नशा तस्करों और अवैध शराब तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, अफीम, नशीली गोलियां, अवैध शराब और लाहन बरामद किया है। ## हत्या मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
थाना ढांड क्षेत्र के गांव बंदराना में इक्कीस अगस्त को हुए आपसी लड़ाई-झगड़े के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा पांच आरोपियों को काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव बंदराना निवासी रीटा की शिकायत अनुसार इक्कीस अगस्त की शाम वह अपने घर का कूड़ा-कचरा फेंकने के लिए जा रही थी। इसी दौरान गली में मौजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा उसके साथ गाली-गलौच की गई। विरोध करने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शोर सुनकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। शिकायत के अनुसार इसी दौरान आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों, जेली तथा ईंटों से हमला किया गया। मारपीट में रीटा, उसके चाचा मांगेराम, चाची बीरमती, देवर बलवान, पुत्र अंकुश, पति गणेश तथा अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। घायल मांगेराम की हालत को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया था। जिस बारे थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया था। मामले में घायल मांगेराम का उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान छब्बीस सितंबर को मुलाना मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। मांगेराम की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। इसके पश्चात एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मामले की जांच को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई वीरेंद्र की टीम द्वारा करते हुए आरोपी बंदराणा निवासी महेंद्र, नरसी, प्रवीण, शिवकुमार, जोधा राम को गिरफ्तार के लिया गया। मामले में दोनों पक्षों की पुरानी रंजीस चली आ रही है। उसी रंजीशन यह विवाद व झगड़ा हुआ था। सभी आरोपी अदालत में पेश किए जाएगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इक्कीस किलो गांजा फूल पत्ती सहित दो सप्लायर काबू
नशा तस्करों की जड़ मूल तक पहुंचकर नशा सप्लाई करने वालों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार शिकंजा कसते हुए सीआईए-1 पुलिस द्वारा दो गांजा सप्लाई करने वाले आरोपियों को भी काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 पुलिस प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में के एसआई जयभगवान की टीम द्वारा आरोपी गांव बांसा जिला करनाल निवासी सोमनाथ तथा गांव नुरूखेड़ी निवासी राजेंद्र को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उनतीस सितंबर को सीआईए-1 पुलिस के एएसआई गुरदान सिंह की टीम द्वारा गांव बरटा से गांव गलौली जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी दौरान आरोपी गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू को काबू किया गया था। जिसके कब्जे में प्लास्टिक कट्टे से इक्कीस किलो गांजा फूल पत्ती बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज करके आगामी जांच एसआई जयभगवान द्वारा अमल में लाई गई। आगामी जांच दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी टिंकु को यह गांजा फूल पत्ती सोमनाथ तथा सोमनाथ को राजेंद्र द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी। दोनो आरोपियों का व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
अलग-अलग मामलों में चार शराब तस्कर गिरफ्तार
जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री व तस्करी पर अंकुश लगाते हुए अलग अलग मामलों में चार आरोपियों को काबू किया गया है। आरोपियों के कब्जे से उन्नहत्तर बोतल शराब तथा एक सौ लीटर लाहन बरामद हुआ। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की थाना सिविल लाइन पुलिस के एसपीओ कुलदीप सिंह व एएसआई रामविलास की टीम द्वारा डीडी सिटी के सामने प्यौदा रोड पर स्थित एक दुकान पर दबिश देकर आरोपी मंदीप निवासी शक्ति नगर, डोगर पट्टी कैथल को काबू किया गया। जिसके कब्जे से एक सौ पचास पव्वे देसी शराब बरामद हुए। दूसरे मामले में थाना सदर पुलिस के एचसी जोगिंदर की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांव गुहणा निवासी ज्ञान सिंह के खेत में बने कोठे दबिश देकर संदिग्ध ज्ञान सिंह उर्फ ज्ञानी को काबू किया गया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे में एक ड्रम से एक सौ लीटर लाहण बरामद हुआ। तीसरे मामले में थाना पुण्डरी के एचसी बिंटू तथा एसपीओ सुशील कुमार की टीम द्वारा गांव भाणा से आरोपी रसनपाल निवासी करीमपुर पचतौर, मियाऊ बदायूं, दातागंज, उत्तर प्रदेश को अठारह बोतल देशी शराब सहित काबू किया गया। एक अन्य मामले में थाना सीवन पुलिस के एचसी बलजीत व सिपाही संदीप की टीम द्वारा सीवन निवासी साहिल के मकान पर दबिश देकर आरोपी साहिल को काबू कर लिया गया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे से तेरह दशमलव पचहत्तर बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग अलग मामले दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
एक किलो एक सौ सड़सठ ग्राम अफीम के साथ सप्लायर काबू
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों की जड़ मूल तक पहुंचकर नशा सप्लाई करने वालों पर शिकंजा कसते हुए एंटी एक्सटॉर्शन सैल कैथल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की अगुवाई में के एसआई जसबीर सिंह की टीम द्वारा अफीम सप्लायर आरोपी गांव खरकां निवासी बबुराम को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी एक्सटॉर्शन सैल कैथल प्रभारी एएसआई तरसेम की टीम द्वारा उनतीस सितंबर को गांव नौच नहर पुल के पास आरोपी गांव नौच निवासी प्रवीण को काबू किया गया था। जिसके कब्जे में एक थैले से एक किलो एक सौ सड़सठ ग्राम अफीम बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज करके आगामी जांच एसआई जसबीर सिंह द्वारा अमल में लाई गई। आगामी जांच दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी प्रवीण को यह अफीम बबुराम उपरोक्त द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से तीन दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
प्रतिबंधित नशीली गोलियां और घोल के साथ आरोपी काबू
जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार नशा सप्लाई करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में प्रतिबंधित नशीली गोलियां, नशीला घोल बरामदगी मामले में नशा सप्लाई करने वाले आरोपी को भी सीआईए गुहला पुलिस द्वारा काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की छह अगस्त को तत्कालीन चौकी भागल पुलिस प्रभारी एएसआई रघुबीर सिंह की टीम द्वारा रजबाहा पुल, भागल-बलबेहड़ा रोड के पास से आरोपी जसविंद्र निवासी वार्ड नंबर ग्यारह, गुहला को काबू किया गया था। जिसके कब्जे से सत्रह खाली प्लास्टिक की छोटी शीशियां तथा एक प्लास्टिक की बोतल में रखा आठ सौ इक्यासी ग्राम नशीला घोल मिला। इसके अलावा आरोपी की जेब से बुप्रेनोरफिन नामक दस टेबलेट बरामद हुई थी। आरोपी जसविंद्र ने स्वीकार किया था कि वह प्रतिबंधित गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करता है और इस घोल को छोटी-छोटी शीशियों में भरकर नशा करने वाले लोगों को लगभग दो सौ रुपये प्रति शीशी के हिसाब से बेचता है। आरोपी के खिलाफ थाना चीका में मामला दर्ज करके आगामी जांच सीआईए गुहला द्वारा अमल में लाई गई। जांच दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी जसविंद्र को यह नशीला पदार्थ भगत सिंह कालोनी कैथल निवासी अतुल छोकर द्वारा उपलब्ध करवाया गया था। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में पीएसआई दीपक की टीम आरोपी अतुल उपरोक्त को काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से सात सौ रुपए ड्रगमनी बरामद हुई। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया।