कैथल: मोबाइल अपने आप अपडेट होते ही बैंक खाते से गायब हुए 2.30 लाख रुपये, साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

कैथल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव सेरधा के रहने वाले एक व्यक्ति के बैंक खाते से अलग-अलग समय में दो लाख 30 हजार रुपये निकल गए हैं। इस घटना की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता महेश कुमार ने गुरुवार को पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक में है। उनके बैंक खाते के साथ उनका मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ है। 21 सितंबर को उनका मोबाइल अचानक अपने आप अपडेट होने लगा था। कुछ समय बाद जब उनका मोबाइल सामान्य हुआ, तब उन्हें बैंक खाते से रुपये कटने के कई सारे मैसेज मिले।
महेश कुमार ने जब अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया, तब उन्हें पता चला कि उनके खाते से अलग-अलग समय पर कुल दो लाख 30 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया है और बैंक खाते से सारी रकम निकाल ली है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने, उनकी रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
साइबर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस घटना में हुए पैसों के लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।