कैथल में शराब ठेके पर लूटपाट मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस लाइन में हुई जनरल परेड

यह खबर कैथल से जुड़ी हुई है। जिला पुलिस द्वारा आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा शराब ठेके पर लूटपाट करने के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन कैथल में जनरल परेड का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए।
शराब ठेके पर लूटपाट के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव आधंली निवासी नवाब सिंह की शिकायत अनुसार उसके पास खरकां व तारावाली ग्रुप में सिद्धू वाइन के नाम से शराब के ठेके हैं। उसके डेरा महल सिंह सब-वैंड खरकां पर सतपाल निवासी गांव ढाठरथ, जिला जींद, पिछले करीब दो वर्षों से सेल्समैन के तौर पर कार्य कर रहा था। 4 जुलाई की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक शराब ठेके की पिछली तरफ की टीन की चद्दर काटकर अंदर घुस गए। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। आवाज सुनकर जब उसने उठकर देखा तो तीन युवक उसके सामने खड़े थे और इनमें से एक युवक के हाथ में तलवार थी। आरोपी ने सेल्समैन की गर्दन पर तलवार रखकर शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपी ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया तथा डीवीआर अपने साथ ले गए। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई एसआई वीरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते आरोपी गांव फुलद जिला संगरूर पंजाब निवासी दीपक उर्फ दीपू को गिरफ्तार कर लिया गया। दीपक भी उक्त वारदात में शामिल था जिसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार व 5 हजार रुपये बरामद किए गए। उपरोक्त मामले में पहले ही 2 आरोपियों को काबू किया जा चुका हैं। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस लाइन में जनरल परेड का आयोजन और निर्देश
सोमवार को जिला पुलिस लाइन कैथल में जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनरल परेड दौरान डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश चंद्र, सभी चौकी प्रभारी व थाना प्रबंधक, ओएसआई प्रवेश, सीडीआई अजय, एसपी ऑफिस में तैनात अन्य पुलिस कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीएसपी बीर भान ने कहा कि हमें बेहतर पुलिसिंग के लिए कार्य करना है। अपराध की रोकथाम तथा अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अपने अपने क्षेत्र में निरंतर गश्त करें। निरंतर रूप से संदिग्ध वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करें। आमजन से मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें और अपराध और अपराधियों से सख्ती से निपटें।
राइडर्स व डायल 112 पर तैनात कर्मचारियों को दिए निर्देश
इस दौरान पुलिस लाइन में डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश चंद्र, डीएसपी रोहताश ने राइडर्स बाइक व डायल 112 गाड़ियों का भी निरीक्षण किया गया। सभी कर्मचारियों को बाइक व ईआरवी गाड़ियों व उपकरणों के दुरुस्त रखरखाव बारे उचित दिशा निर्देश दिए गए। डीएसपी ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने इलाकों में ज्यादा से ज्यादा गश्त व पेट्रोलिंग करें, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। जिससे समाज के लिए भयमुक्त माहौल पैदा हो। उन्होंने राइडर्स व डायल 112 पर तैनात कर्मचारियों से उनके एरिया के बारे में पूछा तथा उन्हें संबोधित करते हुए बताया कि उन्हें अपने एरिया में पढ़ने वाले एटीएम, बैंक, स्कूल, कॉलेज तथा सरकारी बिल्डिंग के बारे में जानकारी होनी चाहिए। अपने-अपने एरिया में शरारती तत्वों पर नजर रखें। अगर कोई समस्या आती हो तो अपने उच्च अधिकारियों को इस बारे में बताएं और नाका पर तैनात कर्मचारियों को भी उचित दिशा निर्देश दिए गए।
सभी पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों ने ली न्याय संहिता की शपथ
इस दौरान जिला पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों का पालन करने की शपथ ली। इस दौरान कर्मचारियों ने कानून के प्रति निष्ठा, निष्पक्षता एवं ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन को न्याय दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।