कैथल आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बांटे नियुक्ति पत्र

atalhind@gmail.com: हरियाणा सरकार युवाओं को अच्छी शिक्षा, बेहतर कौशल, रोजगार के अवसर व आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण व मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि हरियाणा के युवाओं को अच्छी शिक्षा, बेहतर कौशल, रोजगार के अवसर और आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलें। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गंभीरता से काम किया जा रहा है। युवा के हाथ में जब हुनर होगा तो उसे रोजगार मिलेगा। इसके लिए सभी क्षेत्रों में कौशल के विकास पर जोर दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में भी तकनीक का प्रयोग करते हुए रोजगार परक बनाया जाएगा, ताकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सके।
रोजगार मेला और अतिथियों का स्वागत
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सोमवार को कैथल के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिला स्तरीय रोजगार मेले में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्याम सिंह राणा का यहां पहुंचने पर एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार एवं आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उनके साथ भाजपा की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी का भी स्वागत किया गया। सांसद नवीन जिंदल प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, भाजपा के जिला मंत्री मनीष कुमार सहित गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से प्रेरणा
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन हमारे लिए प्रेरणादायक है। देश आज उनकी अगुवाई में विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, हिम्मत और प्रतिभा से है। हमारे प्रदेश के युवाओं ने शिक्षा, खेल, सेना, खेती, उद्योग और हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन सकता है। आज शिक्षा का मतलब केवल डिग्री लेना नहीं है। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जिससे हमारे बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ कौशल, आत्मविश्वास और नई सोच पैदा हो।
तकनीक और कौशल विकास पर जोर
आज का समय तकनीक का समय है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, विज्ञान, स्टार्टअप और नए-नए रोजगार के क्षेत्र तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए हमारी सरकार की कोशिश है कि हरियाणा का युवा बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। हरियाणा कौशल रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लें। अपने हुनर को पहचानें। नई तकनीक सीखें। नशे से दूर रहें। अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से मेहनत करें।
कृषि क्षेत्र और किसानों के लिए कदम
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से किसानों को जोड़ा गया, ताकि खेती के लिए सब्सिडी पर दी जाने वाली खाद का गैर कृषि कार्यों में प्रयोग न हो सके। इसी प्रकार से सरकार ने किसानों के खातों में सीधी फसल की कीमत भेजकर बिचौलिया प्रथा को समाप्त किया। आज खेती में अधिक खाद व दवाओं के प्रयोग से समस्याएं पैदा हो रही हैं। इस कारण प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारे गांव और किसान तभी मजबूत होंगे, जब हमारे गांव के युवा भी आगे बढ़ेंगे। हम चाहते हैं कि हमारे युवा खेती को केवल परंपरागत काम के रूप में न देखें, बल्कि इसे आधुनिक व्यवसाय और उद्यमिता के अवसर के रूप में भी देखें। खेती में तकनीक आएगी, तो किसान की आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।
विकसित हरियाणा और विकसित भारत का संकल्प
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि हम सभी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में मिलकर विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कई तरह के आयोजन किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने ब्रिक्स सम्मेलन में साझा घोषणा पत्र जारी करवा कर 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ाया है।
रोजगार मेले का अवलोकन और नियुक्ति पत्र वितरण
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सर्वप्रथम मेले में आई करीब दो दर्जन कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत की तथा उनके द्वारा चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। जिला स्तरीय रोजगार मेले में 450 विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अपने यहां रोजगार दिया गया, उन्हें नियुक्ति पत्र सौपे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, महामंत्री मनीष शर्मा, सांसद नवीन जिंदल प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, राजकीय आईटीआई कैथल के वाइस प्रिंसिपल पंकज कुमार, राजकीय आईटीआई महिला के प्रिंसिपल सुरेंद्र गिल, प्रमोद कुमार, सुरेंद्र नैन, शमशेर सिंह, राजवीर सिंह, रमन कुमार, सतीश कुमार, संजीव कुमार, सुदेश कुमारी, राजरानी, राखी, प्रेरणा, सुमन, रिचा जांगड़ा आदि उपस्थित रहे।