कैथल में अवैध असला के दो अलग-अलग मामले आए सामने, दो आरोपी गिरफ्तार और देशी कट्टे बरामद

कैथल में अवैध असला के दो अलग-अलग मामले आए सामने, दो आरोपी गिरफ्तार और देशी कट्टे बरामद

कैथल में अवैध असला रखने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एक विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 व 12 बोर के दो अवैध देशी कट्टे सहित एक कारतूस बरामद किया गया है।

पहला मामला: गांव देबन और सोगरी बस अड्डा का

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई अजीत सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गांव देबन बस अड्डा पर मौजूद थी। सहयोगी सूत्रों से पुलिस टीम को गुप्त जानकारी मिली कि गांव किठाना निवासी कुलदीप के पास अवैध देशी कट्टा है। आरोपी किसी के इंतजार में सोगरी बस अड्डा पर खड़ा है। सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जहां बताए हुलिए का एक युवक पुलिस को देखकर किठाना की तरफ जाने लगा, जिसे पुलिस टीम ने तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव किठाना निवासी कुलदीप के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। जांच करने पर देशी कट्टा के चैम्बर से एक रौंद बरामद हुआ। जिस बारे थाना राजौंद में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरा मामला: किठाना की न्यू अनाज मंडी का

दूसरे मामले में एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई लखविंद्र सिंह की टीम थाना राजौंद क्षेत्र के गांव रोहेड़ा के पास मौजूद थी। सहयोगी सूत्रों से पुलिस टीम को गुप्त जानकारी मिली कि न्यू अनाज मंडी किठाना के मेन गेट पर किठाना निवासी अनील उपनाम सागर के पास 315 बोर का अवैध देशी कट्टा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जहां पुलिस को देखकर एक युवक अनाज मंडी के अंदर जाने लगा, जिसे पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनील उपनाम सागर निवासी किठाना हाल इंद्रा कॉलोनी पानीपत के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। जिस बारे थाना राजौंद में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एएसआई संदीप कुमार द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment