कैथल में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, 8.41 ग्राम हेरोइन और 9 किलो चूरा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, 8.41 ग्राम हेरोइन और 9 किलो चूरा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस ने नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा हुआ है। इसी कड़ी में पुलिस ने 8.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है।

पहला मामला: राजौंद क्षेत्र से हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम राजौंद क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली की एक व्यक्ति गांव मंडवाल को जाने वाले रास्ते पर खड़ा है। यह व्यक्ति नशीला पदार्थ हेरोइन यानी चिट्टा बेचने के लिए किसी का इंतजार कर रहा था। सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम ने तुरंत उक्त स्थान पर दबिश दी और संदिग्ध को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव बोहत जिला जींद निवासी सतपाल के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर नायब तहसीलदार राजौंद सुभाष चंद पहुंचे। नायब तहसीलदार के समक्ष आरोपी की ली गई तलाशी के दौरान उसकी जेब से 8.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले को लेकर थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे एसआई बलराज द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सतपाल को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दूसरा मामला: 152-डी हाईवे से ट्रक चालक चूरा पोस्त के साथ काबू

दूसरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान सिंह की टीम गश्त पर थी। यह पुलिस टीम रात्रिकालीन गश्त के दौरान अपराध की रोकथाम के लिए 152-डी हाईवे पर गांव मोहना पुल के नीचे मौजूद थी। इस दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रक नंबर HR73A-0119 में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ डोडा पोस्त हो सकता है। यह ट्रक राजौंद की तरफ से आ रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 152-डी पुल के ऊपर गांव मोहना के नजदीक नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद उक्त ट्रक राजौंद की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकने का इशारा किया। पुलिस पार्टी को देखकर ट्रक चालक घबरा गया और ट्रक को पीछे रोककर नीचे उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। चौकसी बरतते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को ट्रक सहित काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव नेहरा जिला जींद निवासी बलदेव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर नायब तहसीलदार पुंडरी अंसुल पहुंचे। नायब तहसीलदार के समक्ष नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक की ड्राइवर सीट के पीछे पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे से 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। इस मामले को लेकर थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई जसमेर सिंह द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बलदेव से व्यापक पूछताछ करने के लिए अदालत से 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment