जींद में सबमर्सिबल केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

जींद में किसानों के लिए सिरदर्द बन चुके उपकरण चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना नरवाना पुलिस और सीआईए नरवाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलोग्राम तांबा तार और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए थाना सदर नरवाना के प्रभारी कुलदीप सिंह ने मीडिया को पूरी घटना से अवगत कराया।
किसानों के खेतों से लगातार हो रही थी केबल चोरी
बड़नपुर गांव के रहने वाले किसान संदीप ने सदर थाना नरवाना पुलिस को अपनी शिकायत दी थी। किसान संदीप ने पुलिस को बताया कि आठ सितंबर की रात को उसके खेत में लगे सबमर्सिबल पंप की 100 फीट केबल चोरी हो गई थी। संदीप के अलावा उसके ही गांव के कई अन्य किसानों के खेतों को भी चोरों ने निशाना बनाया था। किसानों का कहना है कि उनके खेतों से आए दिन इस तरह का सामान चोरी हो रहा था जिससे वे काफी परेशान थे। इन सभी वारदतों के कारण किसानों का कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा था और उनके सामने लगातार आर्थिक नुकसान की स्थिति पैदा हो रही थी।
किन-किन किसानों के खेतों से चोरी हुई केबल
शिकायत के अनुसार गांव के विकास के खेत से 60 फीट केबल चोरी हुई थी। जोगेंद्र के खेत से 50 फीट, नरेश के खेत से 70 फीट और कुलदीप के खेत से 30 फीट केबल चोरी की गई थी। इसके अलावा सतीश के खेत से 40 फीट और राजपाल के खेत से 20 फीट केबल चोरी हुई थी। रमेश के खेत से 30 फीट, संदीप के खेत से 50 फीट और सुमित के खेत से 25 फीट केबल चोरी होने की बात सामने आई है। परमीत के खेत से 35 फीट, मनजीत के खेत से 25 फीट और सोनू के खेत से 25 फीट केबल चोरी हुई थी। राजेश के खेत से 30 फीट, अमित के खेत से 40 फीट और राजबीर के खेत से 90 फीट केबल चोरी की गई थी। सुरेंद्र के खेत से 40 फीट, सुरेश के खेत से 50 फीट और जयवीर के खेत से 50 फीट केबल चोरी हुई थी। सचिन के खेत से भी केबल चोरी होने की बात शिकायत में दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला और की छह आरोपियों की गिरफ्तारी
किसानों की इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। थाना सदर नरवाना पुलिस और सीआईए स्टाफ नरवाना ने ग्रामीणों के आपसी सहयोग से चोर गिरोह के इन छह सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरवाना निवासी राहुल, प्रदीप, शिवम, पाली, टोहाना निवासी सुनील और गांव धरौदी निवासी प्रवेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर कुल 12 किलोग्राम तांबा, 40 हजार रुपये और वारदात में प्रयोग किए गए औजार बरामद किए हैं। इस पूरी कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों ने थोड़ी राहत की सांस ली है।