जींद में फोन को हैक कर बैंक खाते से उड़ाए लाखों रुपये, साइबर ठगी का मामला दर्ज

जींद में फोन को हैक कर बैंक खाते से उड़ाए लाखों रुपये, साइबर ठगी का मामला दर्ज

जींद में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर लिया है। ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते से दो लाख 85 हजार रुपये निकाल लिए हैं। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

हनुमान नगर के रहने वाले हैं पीड़ित रमेश झा

हनुमान नगर निवासी रमेश झा ने साइबर थाना पुलिस को अपनी शिकायत दी है। रमेश झा ने पुलिस को बताया कि वह जींद में मजदूरी का काम करता है। उसका खाता केनरा बैंक में खुला हुआ है। इस बैंक खाते के साथ उसका मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

चाचा के पास गए थे रमेश झा

बीते 28 सितंबर को रमेश झा अपने चाचा के पास गए हुए थे। उस समय उन्होंने अपना फोन साइड में रख दिया था। कुछ समय के बाद जब उन्होंने अपने फोन को संभाला। तब उनके फोन पर राशि ट्रांसफर होने के कई संदेश आए हुए थे।

बिना ओटीपी और लिंक क्लिक किए कटे रुपये

जब तक रमेश झा टोल फ्री नंबर पर कॉल कर अपना खाता बंद करवाते। तब तक उनके खाते से दो लाख 85 हजार 442 रुपये गायब हो चुके थे। यह सारी राशि यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी। रमेश झा ने इस बात पर हैरानी जताई कि न तो उनके पास कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था। इसके बावजूद उनके बैंक खाते से रुपये गायब हो गए हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

साइबर थाना पुलिस ने रमेश झा की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी नितिन ने यह बात बताई। अधिकारी ने बताया कि उन्हें बैंक खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment