जींद: जमीन की सौदेबाजी के नाम पर 23 लाख रुपये हड़पने का मामला आया सामने, सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जींद: जमीन की सौदेबाजी के नाम पर 23 लाख रुपये हड़पने का मामला आया सामने, सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जींद में जमीन की सौदेबाजी कर 23 लाख रुपये हड़पने का एक बड़ा मामला सामने आया है। जुलाना थाना पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

  • गांव खांडा निवासी सोमवीर ने दी पुलिस को शिकायत
  • सात लाख रुपये के चेक और 16 लाख रुपये नकद दिए गए
  • आरोपितों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही रुपये लौटाए

जमीन की खरीद के लिए हुई थी बातचीत

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

गांव खांडा (सोनीपत) निवासी सोमवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिवार की जमीन बिकी थी। बदले में वे नई जमीन की तलाश कर रहे थे। उसी दौरान उनकी मुलाकात गांव गिवाना निवासी योगेंद्र तथा पवन से हुई। जिन्होंने उनकी मुलाकात गांव लाठ निवासी रोहित से करवाई।

इस तरह दिखाया गया खेत और तय हुई टोकन मनी

रोहित के बाद उन्होंने गांव कोहला निवासी सरपंच संदीप तथा प्रवीन से मुलाकात की। इन सभी के साथ वे गांव बुढाखेड़ा में मनोज तथा विकास से मिले। जिन्होंने गांव सिरसाखेड़ी के निकट सड़क किनारे 43 कनाल चार मरले जमीन दिखाई। उस खेत में ट्यूबल लगा हुआ था और उन्होंने एक लाख रुपये टोकन मनी मौके पर दे दी।

रजिस्ट्री के दिन क्या हुआ और कैसे दिए गए पैसे

20 मार्च 2025 को ब्याने की तारीख रखी गई थी। निर्धारित दिन वे जुलाना में प्रोपर्टी डीलर से मिले। प्रोपर्टी डीलर ने विश्वास दिलाया कि वह जमीन की खेवट अलग कर रजिस्ट्री करवा देगा। इसके बाद रजिस्ट्री लिखवा दी गई।

23 लाख रुपये का भुगतान और ब्याने का विवरण

उन्होंने कुल 23 लाख रुपये दे दिए। इसमें उन्होंने सात लाख रुपये के चेक तथा 16 लाख रुपये नकद दिए गए। ब्याना विकास के नाम से लिखवाया गया था। इस पर मनोज, पवन और सोमबीर ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए।

तय समय पर रजिस्ट्री न होने पर बढ़ा विवाद

15 सितंबर तक रजिस्ट्री नहीं हुई। जिसके बाद वे मनोज से मिले। मनोज ने बताया कि उसकी बुआ की मौत हो गई है। जिसके बाद वे मनोज तथा विकास से कई बार मिले।

फोन उठाना बंद करने पर पुलिस में की गई शिकायत

आखिरकार मनोज ने फोन उठाना बंद कर दिया। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई। आरोपितों ने मौखिक तौर पर रुपये वापस करने का समय दिया था। बावजूद इसके आरोपितों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही रुपये वापस लौटाए।

पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला

शनिवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी कमल ने बताया कि पुलिस ने सोमवीर की शिकायत पर आरोपित विकास, मनोज लाठर, पवन, सरपंच संदीप, प्रवीण, देवेंद्र और रोहित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment