जींद: सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये हड़पे, तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जींद में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये हड़पने और समझौते के लिए दबाव बनाने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है।
शिव कॉलोनी निवासी बलवान ने अदालत में याचिका दायर की थी। बलवान ने अपनी याचिका में कहा था कि उसकी मीनू शर्मा और उसके परिजनों से पुरानी जान-पहचान रही है। आरोपितों ने अच्छी जान-पहचान होने की बात कही थी। आरोपितों ने उसके रिश्तेदार को सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही थी।
आरोपी पक्ष को कुल छह लाख रुपये दिए गए थे। इसके बावजूद बलवान का रिश्तेदार नौकरी नहीं लगा। पीड़ित ने जब अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी आनाकानी करने लगे। पंचायत होने पर आरोपित ने तीन लाख रुपये वापस दे दिए थे। बाकी के तीन लाख रुपये जल्द देने की बात कही गई थी।
बकाया तीन लाख रुपये देने के बजाय आरोपित समझौते का दबाव बनाने लगे। आरोपितों ने बकाया राशि के लिए एक से सवा साल का समय मांगना शुरू कर दिया। पीड़ित ने इस बात की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने अदालत का रुख किया।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। याचिका पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अदालत के आदेशों के आधार पर आरोपित मीनू, शमशेर शर्मा और रामस्वरूप शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।