जींद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पनीर और घी के सैंपल लेकर भेजे लैब

जींद, 16 सितंबर: जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को जुलाना क्षेत्र में छापेमारी की है। टीम ने तीन दुकानों और डेयरियों पर छापेमारी कर पनीर और घी के सैंपल भरे हैं। इन सभी सैंपल को जांच के लिए लैबोरेट्री भेज दिया गया है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इससे पहले मंगलवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ढाका के नेतृत्व में जींद शहर में स्वामी स्वीट्स व साहिल पनीर भंडार नरवाना पर दस्तक दी गई। टीम ने स्वामी स्वीट्स से पनीर का सैंपल लिया। वहीं साहिल पनीर भंडार नरवाना से घी और पनीर के सैंपल लिए गए। इन सभी सैंपल को जांच के लिए लैबोरेट्री भेजा गया था।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ढाका के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को जुलाना के सुरेश किरयाना स्टोर पर भी दस्तक दी। इस दौरान टीम ने सुरेश किरयाना स्टोर से पनीर का सैंपल लिया। इसके अलावा श्री श्याम डेयरी से घी का सैंपल भरा गया। विश्वास मिल्क डेयरी से घी और पनीर के सैंपल भरे गए। टीम ने सभी सैंपलों को सील करके जांच के लिए लैबोरेट्री भेज दिया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरप्रकाश ढाका ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि लोगों को शुद्ध और साफ खाद्य पदार्थ मिलें। इसके लिए विभाग की तरफ से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बाजार में मिलावटी पनीर और घी बिकने की संभावना हमेशा बनी रहती है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।