जींद में धमकी देकर पांच लाख रुपये मंथली मांगने के मामले में सीआईए स्टाफ ने दो और आरोपितों को किया गिरफ्तार

जींद में धमकी देकर पांच लाख रुपये मंथली मांगने के दो आरोपितों को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
सीआईए स्टाफ ने की कार्रवाई
सीआईए स्टाफ प्रभारी यादवेंद्र सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि रोहतक रोड निवासी तुषार ने गत तीन सितंबर को पुलिस को शिकायत दी थी। तुषार ने पुलिस को बताया था कि उसके पास अलग-अलग दो मोबाइल नंबरों से कॉल आई थी। कॉल करने वालों ने खुद को डेविड, रोहित तथा रामपाल का दोस्त बताया था।
पांच लाख रुपये मंथली की मांग
आरोपितों ने तुषार से पांच लाख रुपये मंथली की डिमांड की थी। मंथली न देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने धमकी देकर अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। जिसकी जांच सीआईए स्टाफ को सौंपी गई थी।
जांच के बाद आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो गांव कालवा निवासी नवीन उर्फ नोनी और भिवानी रोड निवासी दिनेश उर्फ बाला का नाम सामने आया था। पुलिस ने गत छह सितंबर को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपितों से पूछताछ के दौरान रामबीर कॉलोनी निवासी रोहित उर्फ राणा और गांव रामराये निवासी जतिन उर्फ डेविड का नाम सामने आया था। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब रोहित तथा डेविड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।