जींद में बैंक कर्मी बनकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट दोगुनी करने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी

जींद में साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खाते से लगभग डेढ़ लाख रुपये निकालने का मामला दर्ज किया है। यह घटना बैंक कर्मी बन क्रेडिट कार्ड की लीमिट दोगुनी करने का झांसा देकर की गई है। अज्ञात लोगों के खिलाफ गुरुवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा निवासी के साथ हुई ठगी की यह वारदात
पिल्लूखेड़ा निवासी संजय ने पुलिस को अपनी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। संजय की गांव जामनी में ज्वैलर्स की दुकान है। उनके पास आरबीएल बैंक का क्रेडिट कार्ड है। यह क्रेडिट कार्ड उनके मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ है।
व्हाट्सएप पर भेजी गई थी एपीके फाइल
गत 15 सितंबर को संजय अपनी दुकान पर बैठकर काम कर रहे थे। उसी दौरान उनके फोन पर एक अनजान कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आरबीएल बैंक का कर्मी बताया। फोन करने वाले ने कहा कि आपके क्रेडिट कार्ड की लीमिट दुगनी हो गई है। फिर उस आरोपी ने व्हाट्सएप पर बैंक क्रेडिट कार्ड का एक लिंक भेजा।
खाते से कट गए एक लाख 49 हजार 958 रुपये
जब संजय ने उस लिंक को खोला तो उनके फोन में एपीके फाइल लोड हो गई। फाइल लोड होने के बाद उनके बैंक खाते से एक लाख 49 हजार 958 रुपये कट जाने का संदेश आया। बैंक खाते से पैसे कटने का संदेश देखकर उन्हें फ्रॉड होने का अहसास हुआ।
साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
साइबर थाना पुलिस ने संजय की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी हुई है। गुरुवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी नितिन ने बताया कि क्रेडिट कार्ड की लीमिट दोगुनी करने का झांसा देकर राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। जिस पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।