जींद में जमीन लीज पर लेकर तीन माह की राशि न देने पर कंपनी एमडी समेत चार पर केस दर्ज

जींद में जमीन लीज पर लेकर तीन माह की राशि न देने पर कंपनी एमडी समेत चार पर केस दर्ज

पराली की गांठें रखने के लिए चार कनाल जमीन लीज पर ली गई थी। जमीन मालिक ने आरोप लगाया है कि न तो जमीन खाली की गई और न ही भुगतान किया गया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गांव ढाठरथ में जमीन लीज पर लेकर कथित तौर पर तीन माह की लीज राशि का भुगतान न करने और जमीन खाली नहीं करने के मामले में कंपनी के एमडी समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

जींद बायो एनर्जी एलएलपी के खिलाफ मामला दर्ज

ढाठरथ गांव के रहने वाले रमेश ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में पूरी जानकारी दी है। रमेश ने बताया कि जींद बायो एनर्जी एलएलपी ने पराली की गांठें रखने के लिए उनकी चार कनाल जमीन लीज पर ली थी। दोनों पक्षों के बीच एक एग्रीमेंट हुआ था। इस एग्रीमेंट में यह शर्त भी शामिल थी कि लीज अवधि पूरी होने के बाद जमीन को खाली करके समतल करके देना होगा। शिकायतकर्ता के अनुसार लीज अवधि समाप्त हुए अब तीन माह बीत चुके हैं। लेकिन कंपनी ने न तो जमीन खाली की और न ही तीन माह की लीज राशि का कोई भुगतान किया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एमडी पर धमकी देने और पराली जलाने के झूठे आरोप लगाने का गंभीर आरोप

रमेश का यह भी आरोप है कि जब उसने कंपनी के एमडी श्रीनिवास सनापला से जमीन खाली करने और बकाया राशि देने के बारे में बात की। तब उन्होंने केवल आनाकानी की बल्कि उसे धमकी भी दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पराली जलाने से जमीन की उपजाऊ शक्ति लगातार प्रभावित हो रही है। साथ ही कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उस पर पराली जलाने के झूठे आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

पुलिस ने इन चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के मुख्य लोगों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने कंपनी के एमडी श्रीनिवास सनापला, सुपरवाइजर महेंद्र, मैनेजर विनोद और अकाउंटेंट सचिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी महिपाल ने पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेत मालिक की तरफ से जमीन खाली न करने और लीज की अतिरिक्त राशि का भुगतान न करने की शिकायत दी गई थी। इसी शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment