जींद में बड़ा साइबर फ्रॉड: एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खाते से निकले पौने चार लाख रुपये

जींद, 19 सितंबर। साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति द्वारा अंजान नंबर से मोबाइल पर भेजी गई एपीके फाइल को ओपन करने पर साढ़े चार लाख रुपये खाते से निकलने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखविंद्र की शिकायत और पूरी घटना
गांव गुरथली निवासी लखविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। गत पांच सितंबर को उसके व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल आई थी। जिसे उसने अपने मोबाइल में ओपन कर लिया था। इसके बाद वह 12 सितंबर को बैंक में राशि निकलवाने के लिए गया था। तब बैंक मैनेजर ने उसे बताया कि उसके खाते में रुपये नहीं हैं।
खाते की स्टेटमेंट से हुआ खुलासा
जब उसने अपने बैंक खाते की स्टेटमेंट की जांच की तो सामने आया कि गत छह सितंबर से 11 सितंबर तक उसके खाते से तीन लाख चौहत्तर हजार आठ सौ चौहत्तर रुपये की राशि निकाली जा चुकी थी। जबकि उसके पास राशि निकलवाने को लेकर कोई भी मैसेज नहीं आया था।
पुलिस कार्रवाई और जांच
साइबर थाना पुलिस ने लखविंद्र की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और अपनी जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की फिलहाल जांच की जा रही है।