जींद में युवक को गोली मारने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, सीआईए स्टाफ नरवाना की बड़ी कार्रवाई

जींद में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए स्टाफ नरवाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में पंजाब के तीन आरोपितों की तलाश कर रही थी जिन पर जानलेवा हमला करने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
- सीआईए स्टाफ नरवाना ने की आरोपित की गिरफ्तारी
- गांव बेलरखां के निकट हुई थी गोलीबारी की घटना
- रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
गांव बेलरखां के निकट हुई थी गंभीर वारदात
जींद जिले के गांव बेलरखां के निकट गत दो अक्टूबर को एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। सीआईए स्टाफ नरवाना ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने इस मामले में पंजाब के तीन आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।
कार सवार युवकों ने दिया था घटना को अंजाम
सीआइए स्टाफ नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव बेलरखा निवासी अजय (25) को गत दो अक्टूबर देर शाम को कार सवार युवकों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने जब अपनी जांच को आगे बढ़ाया तो इस मामले में पंजाब के डेरा साधुगढ़ निवासी कुलजीत सिंह, गुरजेंट सिंह, मंगल सिंह के नाम सामने आए थे।
रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की छानबीन में यह बात सामने आई कि आरोपितों के साथ घायल अजय का रुपयों को लेकर लेनदेन चल रहा था। उसी सिलसिले में आरोपितों ने अजय को गांव बेलरखां के निकट बुलाया था। जब वे वहां मिले तो उसी दौरान उनमें आपस में कहासुनी हो गई। आरोपित गुरजेंट ने अपने पास मौजूद असलहा से अजय पर फायर कर दिया। जिसमें गोली लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घायल अजय को अस्पताल ले जाते समय किया पीछा
घायल अजय को जब उसके साथी कार से लेकर नागरिक अस्पताल नरवाना लेकर जा रहे थे, तो आरोपितों ने घायल अजय की गाड़ी का पीछा भी किया था। सदर थाना नरवाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुलजीत सिंह, गुरजेंट सिंह, मंगल सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। सीआइए स्टाफ नरवाना ने अपनी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित कुलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही है।