जींद में शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण और जबरन गर्भपात, दो भाइयों पर केस दर्ज

जींद शहर थाना नरवाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने तथा जबरन गर्भपात करवाने के मामले में दो युवकों के खिलाफ विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। जिन युवकों पर आरोप लगे हैं, वे दोनों भाई हैं और शहर थाना नरवाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत
शहर थाना नरवाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धर्म सिंह कालोनी निवासी दीपक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। यह सिलसिला एक मार्च से गत एक जून तक जारी रहा, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसका जबरन गर्भपात करवा दिया।
शादी से किया इनकार और धमकी
जब भी वह दीपक से शादी की बात करती, तो आरोपी कुछ समय इंतजार करने की बात कहता। गर्भपात करवाने के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने शादी करने से साफ मना कर दिया। जिस पर उसने दीपक के बड़े भाई विकास को घटना के बारे में अवगत करवाया। आरोपी विकास ने उसको बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत शहर थाना नरवाना पुलिस को दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी दीपक तथा उसके भाई विकास के खिलाफ यौन शोषण करने और धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को जानकारी देते हुए शहर थाना नरवाना की जांच अधिकारी गीता ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है。