जींद के सफीदों गेट पर दुकानदारों का बड़ा प्रदर्शन, सड़क निर्माण में देरी पर लगाया जाम और की नारेबाजी

जींद में सफीदों गेट से कुंदन सिनेमा तक सड़क निर्माण कार्य में हो रही भारी देरी के कारण शुक्रवार को दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। दुकानदारों ने सड़क निर्माण में देरी को लेकर सफीदों गेट पर माता मंदिर के सामने जाम लगा दिया। जाम लगाने वाले सभी दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
- सफीदों गेट से कुंदन सिनेमा तक सीसी सड़क का निर्माण हो रहा है।
- इस सड़क को मात्र 20 दिन में पूरा बनना था।
- 52 दिन बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
- जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और PWD विभाग के XEN राजकुमार नैन मौके पर पहुंचे।
- अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन देकर आखिरकार जाम खुलवाया।
क्यों भड़के दुकानदार और क्या है पूरी समस्या
सफीदों रोड सड़क के निर्माण में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को दुकानदारों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। दुकानदारों ने सफीदों गेट पर माता मंदिर के सामने पूरी तरह से जाम लगा दिया। दुकानदारों ने मीडिया को बताया कि विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार ने उन्हें 20 दिन में काम पूरा होने की बात कही थी। अब 52 दिन से लगातार रास्ता बंद रहने के कारण उनकी दुकानदारी पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। दुकानदारों ने लगभग एक महीना पूरा इंतजार किया। इसके बाद वे काफी ज्यादा परेशान होने लगे।
अधिकारियों और नेताओं से गुहार के बाद भी नहीं हुआ काम
दुकानदारों ने अपनी इस समस्या को लेकर डीसी डॉ. वैशाली शर्मा से समाधान शिविर में मुलाकात की और बात की। डीसी ने लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग से इस मामले पर तुरंत रिपोर्ट मांगी लेकिन इसके बाद भी मौके पर कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दुकानदारों ने अपना दुखड़ा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के समक्ष भी रोया लेकिन उसके बावजूद भी काम में कोई तेजी नहीं आई। लोक निर्माण विभाग के तो इन दुकानदारों ने कई बार चक्कर भी काटे, जहां हर बार उन्हें केवल और केवल आश्वासन ही मिला।
मजबूरन सड़क पर उतरकर करना पड़ा प्रदर्शन
शुक्रवार को दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क की पुरानी परत उखाड़ते समय 20 दिन में नई सड़क बना कर रास्ता खोलने का भरोसा दिया था। लेकिन 52 दिन बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। मौजूदा हालत यह है कि निर्माण कार्य कई दिनों से पूरी तरह से बंद पड़ा है। अब जब अधिकारियों से उन्हें किसी प्रकार का समाधान नहीं मिला तो मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर जाम लगाना पड़ा। लगभग दो घंटे तक लगे इस जाम के कारण आम यात्रियों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।