जींद में साइबर ठगों का बड़ा फर्जीवाड़ा, दो लोगों को बनाया शिकार और ठगे अढाई लाख रुपये

जींद में साइबर ठगों का बड़ा फर्जीवाड़ा, दो लोगों को बनाया शिकार और ठगे अढाई लाख रुपये

जींद में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को अपना शिकार बनाया है। इन साइबर ठगों ने कुल अढाई लाख रुपये की ठगी की है। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल फोन हैक कर खाते से निकाले रुपये

गांव बराड़ जिला अमृतसर हाल तेग बहादुर साहिब निवासी नरेंद्र सिंह ने पुलिस को अपनी शिकायत दी है। शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मोबाइल नंबर पर गूगल पे चलाता है। गत 11 सितंबर को वह अपने कामकाज में काफी व्यस्त था। शाम के समय उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया। इसके चलते लगभग छह घंटे तक उसका मोबाइल फोन पूरी तरह से बंद रहा। जब उसका मोबाइल फोन दोबारा ऑन हुआ तब उसके फोन पर बैंक खाते से राशि गायब होने के तीन मैसेज आए। इन मैसेज में पता चला कि दो बार 45-45 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। जबकि दस हजार रुपये अलग से ट्रांसफर किए गए थे। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे अपने साथ फ्रॉड होने का पता चला। बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप पर निवेश प्लान बताकर लगाया 1.46 लाख रुपये का चूना

शर्मा नगर निवासी तरुण जैन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह कपड़े का कारोबार करता है। गत छह जुलाई को उसके व्हाट्सएप पर एक निवेश प्लान आया था। उस निवेश प्लान में बताया गया था कि पचास हजार रुपये निवेश करने पर मुनाफे समेत कुल दो लाख रुपये मिलेंगे। उसने उस प्लान को अच्छी तरह से समझते हुए 56 हजार 664 रुपये दो बार क्यूआर कोड में भेजकर निवेश कर लिए। इसके बाद उससे 39,700 रुपये मैनेजर चार्ज के नाम पर वसूले गए। गत दस जुलाई को उससे 45 हजार 900 रुपये सॉफ्टवेयर चार्ज के नाम पर डिमांड की गई। इस पूरी प्रक्रिया के बाद उसे अपने साथ ठगी होने का सही अहसास हुआ। साइबर थाना के जांच अधिकारी धर्मवीर ने इस बारे में बताया कि पुलिस ने तरुण जैन की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment