हरियाणा में जेबीटी से टीजीटी प्रमोशन के लिए 30 सितंबर तक भेजना होगा रिकार्ड, शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश

चंडीगढ़, 17 सितंबर। हरियाणा के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के जेबीटी व सीएंडवी कैडर के योग्य एवं वरिष्ठता में छूटे हुए शिक्षकों को टीजीटी पदों पर प्रमोट करने की अंतिम प्रक्रिया शुरू कर दी है। निदेशालय ने इसे अंतिम अवसर करार देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि 30 सितंबर तक सभी पात्र शिक्षकों के केस हर हाल में मुख्यालय भेजे जाएं।
जिला शिक्षा अधिकारियों को दी गई चेतावनी
गुरुवार को जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, निदेशालय ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि किसी जिले में पात्र टीचर का केस छूट गया या उसमें किसी प्रकार की देरी हुई, तो इसके लिए संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। ऐसे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किन पदों पर होगा प्रमोशन और क्या है योग्यता
जेबीटी व सीएंडवी शिक्षकों को टीजीटी मैथ, इंग्लिश, हिंदी, पंजाबी, साइंस, होम साइंस, संस्कृत और टीजीटी उर्दू के पदों पर प्रमोट किया जाएगा। जिन शिक्षकों ने 31 मार्च 2026 तक आवश्यक शैक्षणिक योग्यताएं पूरी कर ली हैं, वे ही इस पदोन्नति प्रक्रिया के पात्र माने जाएंगे। एचटेट परीक्षा पास न करने वाले अध्यापकों के केस आगे नहीं भेजे जाएंगे।
दस्तावेज भेजने के निर्देश और वरिष्ठता सूची
सभी जिलों के डीईईओ को 30 सितंबर तक मैनुअल यानी बाय हैंड हार्ड कॉपी के साथ-साथ निर्धारित ईमेल आईडी पर सॉफ्ट कॉपी भेजना अनिवार्य किया गया है। जिन शिक्षकों के पदोन्नति केस वर्ष 2025-2026 के दौरान पहले ही भेजे जा चुके हैं, उन्हें दोबारा पूरा केस भेजने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि किसी टीचर का केस 2025 से पहले भेजा गया था, तो उनका अपडेटेड एसीआर समरी शीट और लेटेस्ट एनओसी के साथ नया केस भेजना होगा। विभाग की वेबसाइट पर 1 से 40,773 तक के शिक्षकों की राज्यस्तरीय वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। इसी सूची के आधार पर पात्रता और सर्विस रूल्स 2021/2023 के तहत प्रमोशन दिया जाएगा।