डीसी के आदेश बेअसर: जाखल अनाज मंडी में शौचालय का गंदा पानी सड़क पर, मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी गिरफ्तार

डीसी के आदेश बेअसर: जाखल अनाज मंडी में शौचालय का गंदा पानी सड़क पर, मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी गिरफ्तार

यह जाखल की मुख्य खबरें हैं जिनमें अनाज मंडी की समस्याएं और पुलिस कार्रवाई शामिल है।

  • जाखल अनाज मंडी में शौचालय का गंदा पानी सड़क पर फैला।
  • चार दिन पहले डीसी ने किया था दौरा और दिए थे निर्देश।
  • मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को किया काबू।
  • योगेश खनेजा/जाखल /28 सितंबर 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

जाखल अनाज मंडी में शौचालय का गंदा पानी सड़क पर फैला

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जाखल अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है। फतेहाबाद जिला उपायुक्त ने महज चार दिन पहले जाखल अनाज मंडी का दौरा कर किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान मंडी में शुद्ध पेयजल, शौचालय और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। लेकिन अब मंडी में बने शौचालय की सामने आई तस्वीरें इन आदेशों की पालना पर सवाल खड़े कर रही हैं। मंडी में सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। सफाई के अभाव में शौचालय का दूषित पानी बाहर निकलकर सड़क पर फैल गया है। गंदा पानी सड़क पर जमा होने के कारण यहां से गुजरने वाले किसानों और मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं, आसपास की दुकानों पर बैठने वाले दुकानदार भी इस समस्या से खासे परेशान हैं। दुकानदारों सहित अनाज मंडी के मजदूरी करने वाले श्रमिकों का कहना है कि शौचालय से निकल रहे दूषित पानी के कारण आसपास का वातावरण बदबूदार हो गया है। तेज दुर्गंध के चलते दुकानों पर बैठना और मंडी में काम करना मुश्किल हो रहा है। मंडी में आने वाले किसानों और मजदूरों को भी गंदगी और बदबू के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिला उपायुक्त स्वयं मंडी का दौरा कर सफाई और शौचालय व्यवस्था सुधारने के निर्देश दे चुके हैं, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इन आदेशों पर कितनी गंभीरता दिखाई? चार दिन बाद भी यदि हालात जस के तस हैं तो प्रशासनिक आदेशों की जमीनी स्तर पर पालना को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

स्थानीय दुकानदारों और मंडी में आने वाले लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल शौचालय की सफाई करवाने, सड़क पर फैले दूषित पानी की निकासी करने और मंडी में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों, मजदूरों और दुकानदारों को राहत मिल सके। वही इस मामले में टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने फोन तक उठाने की जहमत नही समझी। फोटो कैप्शन शौचालयों की सफाई नियमित न होने के कारण शौचालय से बाहर निकलकर बिखरा दूषित पानी।

थाना जाखल पुलिस की कार्रवाई, मोटरसाइकिल चोरी मामले में आरोपी काबू

थाना जाखल पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलजीत पुत्र महेन्द्र निवासी वार्ड न0 2 खाई बस्ती लेहरा गग्गा जिला संगरुर को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। थाना जाखल प्रभारी निरीक्षक बलराज ने बताया कि मेजर सिंह पुत्र जगर सिंह निवासी गांव बलरां, थाना मूनक, जिला संगरूर, पंजाब ने शिकायत दी कि वह 4 अगस्त 2026 को अपनी मोटरसाइकिल लेकर जाखल के मीना बाजार क्षेत्र में काम करने आया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने दोपहर करीब 2:45 बजे मोटरसाइकिल गली में खड़ी की थी। करीब 4 बजे वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगने पर उसने थाना जाखल में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर थाना जाखल पुलिस ने मुकदमा नम्बर 110 दिनांक 05.08.2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 305,3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अब आरोपी कमलजीत को काबू कर लिया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment