इंटक हरियाणा की गुरुग्राम में हुई महत्वपूर्ण बैठक, कांग्रेस के सत्ता में आने पर मजदूर विरोधी लेबर कोड खत्म करने का किया गया ऐलान

इंटक देश के रीढ़ की हड्डी -संजय दत्त
राज बबर ने बोलते हुए कहा कि में भी इंटक परिवार से ही हूँ
कांग्रेस के सत्ता में आने पर मज़दूर विरोधी लेबर कोड को ख़त्म करेंगे
श्रमिक हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं मंथन किया
इंटक हरियाणा राज्य कार्यसमिति की गुरुग्राम में बैठक संपन्न
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष अमित यादव ने की
फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम/04अक्टूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
इंटक हरियाणा राज्य कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुग्राम के अग्रवाल भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रमिक संगठनों, यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों तथा असंगठित मजदूरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष अमित यादव ने की। बैठक में श्रमिक हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं मंथन किया गया।
- इंटक हरियाणा राज्य कार्यसमिति की बैठक गुरुग्राम में संपन्न हुई।
- बैठक की अध्यक्षता इंटक अध्यक्ष अमित यादव ने की।
- कांग्रेस के सत्ता में आने पर मजदूर विरोधी लेबर कोड खत्म करने का ऐलान किया गया।
- न्यूनतम वेतन 42000 रुपये प्रतिमाह और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई।
गुरुग्राम में संपन्न हुई इंटक की राज्य कार्यसमिति बैठक
फतह सिंह उजाला गुरुग्राम के अनुसार राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक), हरियाणा प्रदेश की राज्य कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक अग्रवाल भवन गुरुग्राम में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रमिक संगठनों, यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों तथा असंगठित मजदूरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान श्रमिक हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं मंथन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने श्रमिकों को दिलाया समर्थन का भरोसा
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय राव नरेंद्र सिंह तथा माननीय पूर्व सांसद राज बबर ने श्रमिकों को संबोधित किया। वक्ताओं ने श्रमिकों को उनके अधिकारों की रक्षा, लंबित मांगों के समाधान और संगठन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संजय दत्त ने कहा कि इंटक देश की रीढ़ की हड्डी है। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि वे जहां भी जा रहे हैं इंटक हर जिले में मजबूती से काम कर रही है और मजदूर विरोधी काले कानूनों के खिलाफ लड़ रही है। कांग्रेस भी इंटक के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राज बबर ने कहा कि वे भी इंटक परिवार से ही हैं क्योंकि उनके पिताजी ने भी रेलवे में रहते हुए इंटक में काफी लंबे समय तक काम किया था। कांग्रेस के सत्ता में आने पर सारे मजदूर विरोधी लेबर कोड को खत्म किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष अमित यादव ने की।
बैठक में पास हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और मांगें
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती महंगाई, निजीकरण एवं श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी। संगठन ने मांग उठाई कि मजदूर विरोधी लेबर कोड्स को रद्द किया जाए और न्यूनतम वेतन 42000 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया जाए। ठेका प्रथा एवं निजीकरण पर रोक लगे तथा हरियाणा हाईकोर्ट के निर्णयों को लागू किया जाए। साथ ही अस्थायी व कच्चे कर्मचारियों तथा स्कीम वर्कर्स को स्थायी करने, खाली पदों पर नियमित भर्ती, निर्माण मजदूरों के लिए पोर्टल शुरू कर सुविधाएं देने और मनरेगा को बहाल कर 200 दिन रोजगार व 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अतिरिक्त न्यूनतम पेंशन 10 हजार रुपये प्रतिमाह, बिजली बिल - 2025 को रद्द करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा असंगठित क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट, वाहन चालकों और रेहड़ी-पटरी मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी उठाई गई।
बीज विधेयक और कृषि नीतियों पर भी जताई चिंता
बैठक में बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई के फैसले को वापस लेने, एलआईसी के शेयरों के विनिवेश पर रोक लगाने की मांग की गई। सभी फसलों पर एमएसपी की गारंटी एवं खरीद सुनिश्चित करने, किसान-मजदूरों के कर्ज माफ करने तथा बीज विधेयक-2025 को रद्द करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। इस अवसर पर हरियाणा इंटक के अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए श्रमिक पोर्टल, जो वर्तमान में बंद है, उसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। ऐसा करने से मजदूरों को सीधा लाभ मिल सकेगा और उन्हें दर-दर की ठोकर नहीं खानी पड़ेगी। एचकेआरएन (HKRN) को बंद कर स्थाई नौकरी के अवसर दिए जाएं और सीईटी (CET) की परीक्षा हर साल करवाई जाए।