भारत की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा, हरियाणा के इस शहर में बनेगा इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर

भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम शहर में इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर (IICC) का निर्माण किया जाएगा।
इस संबंध में केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने इंटरनेशनल दिव्य परिवार सोसायटी (IDPS), नई दिल्ली के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस प्रोजेक्ट को IRFC की सीएसआर पहल के तहत विकसित किया जाएगा।
इस जगह पर बनेगा सांस्कृतिक केंद्र
गुरुग्राम शहर में प्रस्तावित इंडिया इंटरनेशनल कल्चर सेंटर का निर्माण सेक्टर-9A में किया जाएगा। यह जगह दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट से मात्र 20 मिनट की दूरी पर और द्वारका एक्सप्रेस-वे के बिल्कुल नजदीक है।
केंद्र सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस सेंटर को भारत और विश्व के बीच सांस्कृतिक सेतु के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। यहां अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, कलाकारों, विद्वानों और पर्यटकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।
ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित
इस कल्चरल सेंटर में प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणालियों और पांडुलिपियों को समर्पित सरस्वती संग्रहालय भी बनाया जाएगा। संस्कृत सहित अन्य भाषाओं के प्रचार-प्रसार हेतु गुरुकुल और भाषा विद्यालय भी होंगे। इसके अलावा अत्याधुनिक सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस सेंटर में शोध केंद्र, पुस्तकालय और अभिलेखागार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस सेंटर का निर्माण 13,562.64 वर्ग फुट के भूखंड पर किया जाएगा। 7 मंजिला इस बिल्डिंग में तीन बेसमेंट, स्टिल्ट और भूतल होंगे। इस पूरे परिसर को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित लागत साढ़े 31 करोड़ रुपए आंकी गई है।