हरियाणा में एनसीसी शिविर का समापन: ब्रिगेडियर राम नरेश बोले- अनुशासन और मेहनत से ही मिलती है सफलता

हरियाणा में एनसीसी शिविर का समापन: ब्रिगेडियर राम नरेश बोले- अनुशासन और मेहनत से ही मिलती है सफलता

हिसार, 30 सितंबर। अनुशासन, देशभक्ति, समर्पण और जोश से सराबोर दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-187) का बुधवार को तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी, हिसार में भव्य समापन हुआ। यह 21 सितंबर से आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन कौशल से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।

सांस्कृतिक संध्या और मुख्य अतिथि की उपस्थिति

शिविर के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रोहतक के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रुप कमांडर ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कैडेट्स को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कैडेट्स के लिए प्रेरक संदेश

उन्होंने कैडेट्स को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने तथा प्रत्येक परिस्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी से प्राप्त अनुशासन और नेतृत्व कौशल जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होते हैं। एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में जिम्मेदारी, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करता है। उनके प्रेरणादायी शब्दों से कैडेट्स में नया उत्साह और जोश देखने को मिला।

सैन्य विषयों का प्रशिक्षण और समसामयिक व्याख्यान

शिविर के दौरान कैडेट्स को पीटी, योग, ड्रिल, मैप रीडिंग, फायर कंट्रोल ऑर्डर, इंसास एवं एलएमजी की जानकारी, एंबुश एवं पेट्रोलिंग सहित विभिन्न सैन्य विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही साइबर क्राइम, पर्यावरण संरक्षण और एसएसबी मार्गदर्शन जैसे समसामयिक एवं उपयोगी विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। कैडेट्स के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मॉक टेस्ट एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में टीम भावना, नेतृत्व, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत किया गया।

कैंप कमांडेंट का संबोधन और आयोजन की जानकारी

शिविर का आयोजन कर्नल सतीश कुमार मिश्रा, कैंप कमांडेंट के नेतृत्व में किया गया। समापन अवसर पर उन्होंने शिविर की सफलता पर सभी कैडेट्स एवं प्रशिक्षण स्टाफ को बधाई दी तथा कैडेट्स का आह्वान किया कि वे शिविर के दौरान सीखे अनुशासन, समयबद्धता, नेतृत्व और टीम भावना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि एनसीसी शिविर युवाओं को चुनौतियों का सामना करने, विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं। शिविर के दौरान कैडेट्स ने न केवल सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति, टीमवर्क, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण गुण भी आत्मसात किए।

संकल्प और सक्रिय अधिकारी

समापन समारोह के अंत में कैडेट्स ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में उतारने तथा राष्ट्र सेवा एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण शिविर कर्नल सतीश कुमार मिश्रा (कैम्प कमांडेंट) के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कैंप एडजुडेन्ट सेकंड ऑफिसर लवलीन कौर, सीनियर जी सी आई निशा, सेकंड ऑफिसर पूनम, सेकंड ऑफिसर सुदेश, सूबेदार मेजर सीता राम, सूबेदार टेक सिंह, क्लर्क रोहित शर्मा, लखवीर सिंह, विकास कुमार, मंगल सिंह एवं अमित नेहरा आदि सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस शिविर में तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी हिसार के अन्तर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालय व महाविद्यालय के 535 छात्रा कैडेट्स एवं रोहतक ग्रुप के अंतर्गत 11 बटालियन्स के 65 छात्र एवं छात्राएं भाग ले रहें हैं।

Share:

Comments

Leave a comment