हिसार में आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, 64.4 एमएम बारिश से शहर पानी-पानी

हिसार में आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, 64.4 एमएम बारिश से शहर पानी-पानी

हिसार जिले में आधी रात के बाद तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक हिसार में 64.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, लेकिन शहर में जगह-जगह हुए जलभराव ने जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

नई अनाजमंडी में फैली मूंगफली और फसलों पर असर

बारिश का यह असर नई अनाजमंडी में भी साफ देखने को मिला है। खुले आसमान के नीचे पड़ी सैकड़ों क्विंटल मूंगफली अचानक हुई बारिश के पानी में बह गई और पूरे मंडी परिसर में फैल गई है। खरीफ फसलों पर इस बारिश का मिला-जुला असर माना जा रहा है। धान की फसल को इस बारिश से फायदा होने की पूरी संभावना है, जबकि मूंग और कपास की फसल में नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है। कप्तान स्कूल के पास विनोद नगर और तिलक नगर क्षेत्र की सड़क पर भी भारी जलभराव देखा गया है। लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है और बारिश के बाद स्थिति और अधिक खराब हो गई है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

तापमान में भारी गिरावट और प्रमुख इलाकों में जलभराव

बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो गुरुवार को गिरकर 30.9 डिग्री सेल्सियस रह गया है। शहर के प्रमुख और निचले इलाकों में बारिश का पानी पूरी तरह भर गया था। सुबह तक कुछ स्थानों से पानी उतर चुका है, लेकिन कई जगहों पर अभी भी कीचड़ और भारी जलभराव बना हुआ है। ऑटो मार्केट रोड, सैनियान मोहल्ला, डोगरान मोहल्ला, राजीव नगर, शांति नगर, विजय नगर, मेहता नगर, उत्तम नगर, बड़वाली ढाणी, महावीर कॉलोनी, न्यू महावीर कॉलोनी, भामाशाह नगर, अर्बन एस्टेट, दिल्ली रोड, पटेल नगर, जवाहर नगर, नई सब्जी मंडी, मिल गेट और 12 क्वार्टर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को भी पानी और कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ा है।

बिजली के खंभे में करंट आने से दो गाय और कुत्ते की मौत

बालसमंद रोड स्थित भामाशाह नगर में जलभराव के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया है। भामाशाह नगर में जलभराव के बीच बिजली के खंभे में करंट आने से दो गाय और एक कुत्ते की मौत हो गई है। बताया गया है कि बारिश के कारण गली में पानी पूरी तरह भर गया था। इसी दौरान बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया और तीन बेजुबेान जानवर उसकी चपेट में आ गए।

मौसम में परिवर्तन रहेगा जारी: डॉ. मदन खीचड़

एचएयू मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि मानसून टर्फ़ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा जैसलमेर, राजगढ़, बैतूल और गोपालपुर से होती हुई उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इससे हरियाणा राज्य में मानसून की सक्रियता में कुछ कमी बनी हुई है। इसके साथ ही कुछ नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ से होते हुए महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से भी राज्य की तरफ आ रही हैं, जिससे बीच-बीच में आंशिक बादलावई बनी हुई है। उनका कहना है कि 15 सितंबर से मानसून ट्रफ के एक बार फिर से राज्य के आसपास आने की संभावना के चलते मानसून की सक्रियता में हल्की बढ़ोतरी हुई है। इससे राज्य में 18 सितंबर के दौरान ज्यादातर स्थानों पर हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment