हिसार में तीन लाख की मंथली से इनकार करने पर परचून व्यापारी दो भाइयों पर हथियारबंद युवकों का जानलेवा हमला

हिसार में तीन लाख की मंथली से इनकार करने पर परचून व्यापारी दो भाइयों पर हथियारबंद युवकों का जानलेवा हमला

हिसार में पुलिस के कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। तीन लाख रुपए की मंथली देने से इनकार करने पर पटेल नगर निवासी परचून व्यापारी भाइयों सुनील और सोनू पर पांच-छह हथियारबंद युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर गंडासे, चाकू, लोहे की रॉड और डंडे लेकर घर में घुसे और दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटा। इस हमले में दोनों भाई घायल हो गए, जबकि सुनील की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके के दुकानदारों में खौफ का माहौल है।

मंथली के लिए पिछले तीन-चार महीनों से कर रहे थे परेशान

पीड़ित सोनू के अनुसार, कार्तिक और उसके साथी पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे। वे हर महीने तीन लाख रुपए मंथली देने का लगातार दबाव बना रहे थे। बुधवार शाम को भी आरोपियों ने फोन कर पैसे देने के लिए कहा था। सोनू ने बताया कि देर रात जब वे दोनों भाई कार में बैठे थे, तभी युवकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे व डंडों से वार किए गए। उसके भाई सुनील के पेट में चाकू और गंडासे से हमला किया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

घर में घुसकर किया हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सीसीटीवी फुटेज में पांच-छह युवक हथियारों के साथ घर में घुसकर दोनों भाइयों पर हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान एक बुजुर्ग महिला उन्हें रोकने और बचाने का प्रयास करती नजर आती है, लेकिन हमलावर नहीं रुकते। वारदात के बाद युवक घर के बाहर गली में हथियार लहराते हुए दिखाई देते हैं। घर के बाहर टूटा दरवाजा और बिखरे कांच के टुकड़े भी इस वारदात की भयावहता को साफ बयां कर रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमलावरों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे खुलेआम इलाके में हथियार लेकर घूमते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी

सिविल लाइन थाना प्रभारी करमजीत सिंह ने बताया कि घायलों के बयान लेने के लिए पीएलए चौकी इंचार्ज अनूप सिंह को अस्पताल भेजा गया था। पीएलए चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार आवश्यक कार्रवाई कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment