हिसार बस अड्डे पर निजी वाहन में सवारियां बैठाने से रोकने पर रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट

हिसार बस अड्डे पर निजी वाहन में सवारियां बैठाने से रोकने पर रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट

हिसार बस स्टेंड पर ड्यूटी के दौरान हरियाणा रोडवेज के परिचालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना हिसार में 23 सितंबर को हुई है। परिचालक हरदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि निजी वाहन में सवारियां बैठाने का विरोध करने पर तीन-चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे मामले में कर्मचारी संगठन ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना का पूरा विवरण और सरकारी कार्य में बाधा

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदीप सिंह की ड्यूटी सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक मॉर्निंग शिफ्ट में थी। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 4:35 बजे डीएल12बीडी-1966 नंबर की अर्टिगा गाड़ी में तीन-चार युवक बस स्टेंड पहुंचे। आरोप है कि युवक काउंटर नंबर 4 से दिल्ली जाने वाली सवारियों को चोरी-छिपे निजी वाहन में बैठा रहे थे। जब परिचालक हरदीप सिंह ने इसका विरोध किया तो उनके बीच विवाद हो गया और युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

रोडवेज कर्मचारी यूनियन की कड़ी कार्रवाई की मांग

रोडवेज कर्मचारी यूनियन के डिपो प्रधान संदीप जैनावास ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि बस स्टेंड पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बस स्टेंड से नियमों के विरुद्ध निजी वाहनों में सवारियां ले जाने का विरोध करना रोडवेज कर्मचारी की ड्यूटी का मुख्य हिस्सा है। रोडवेज प्रशासन, आरटीए कार्यालय व पुलिस की लापरवाही के चलते यहां पर आए दिन अवैध वाहन बस अड्डे के अंदर भी घूमते रहते हैं। ये अवैध वाहन धड़ल्ले से अपने वाहनों में विभिन्न स्थानों के लिए सवारियां बैठाकर रोडवेज को भारी चूना लगा रहे हैं। संदीप जैनावास ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने, बस स्टेंड की सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कर्मचारी के साथ मारपीट करने वालों पर जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक कर्मचारी संगठन इस मामले को गंभीरता से उठाता रहेगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment