हिसार में कॉलेज और कोचिंग के बाहर युवाओं को हुक्का पिलाया तो होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस ने दिए निर्देश

हिसार में कॉलेज और कोचिंग के बाहर युवाओं को हुक्का पिलाया तो होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस ने दिए निर्देश

हिसार में शिक्षण संस्थानों के आसपास युवाओं को हुक्का पिलाने और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करवाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों को कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और इनके आसपास संचालित चाय-टी स्टॉलों की नियमित निगरानी करने के कड़े निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर तथ्यों की जांच करके तत्काल कार्रवाई की जाएगी। टी-स्टॉल और अन्य दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी ताकि नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद देने वालों पर कार्रवाई की जा सके।

सार्वजनिक रूप से हुक्का पिलाने की मिली है सूचनाएं

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार को कहा कि पुलिस अधिकारियों के माध्यम से जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, जीजेयू एवं विश्वविद्यालय परिसरों, सरकारी व निजी कॉलेजों तथा कोचिंग संस्थानों के आसपास कुछ स्थानों पर युवाओं को सार्वजनिक रूप से हुक्का पिलाए जाने की सूचनाएं सामने आई हैं। आदमपुर क्षेत्र के कुछ शिक्षण संस्थानों के आसपास कूलिप नामक तंबाकू उत्पाद के सेवन संबंधी सूचनाएं भी पुलिस को मिली हैं। पुलिस को कम उम्र के बच्चों और किशोरों को हुक्का अथवा तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करवाए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत

एसपी ने शिक्षण संस्थानों के आसपास चाय-टी स्टॉल, हुक्का या खाद्य-पेय पदार्थों की दुकान चलाने वालों को नाबालिगों को किसी भी प्रकार का तंबाकू उत्पाद उपलब्ध नहीं करवाने की सख्त हिदायत दी है। सार्वजनिक स्थान पर युवाओं को हुक्का पिलाने या तंबाकू सेवन के लिए स्थान उपलब्ध करवाने तथा प्रतिबंधित या अवैध तंबाकू उत्पादों से संबंधित गतिविधियों पर भी पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों और आसपास के स्टॉलों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसी गतिविधियों से युवा तंबाकू और नशे की ओर आकर्षित न हों।

संचालकों और अभिभावकों से निगरानी बढ़ाने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने जीजेयू, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं निजी कॉलेजों तथा कोचिंग संस्थानों के संचालकों से परिसर और आसपास के क्षेत्र में विद्यार्थियों द्वारा हुक्का व तंबाकू सेवन रोकने के लिए निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की अपील की है। ऐसी कोई भी गतिविधि सामने आने पर संबंधित पुलिस थाना या चौकी को तुरंत सूचना देने को कहा गया है। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उसकी शुरुआत को रोकना बेहद जरूरी है। शिक्षण संस्थानों के आसपास हुक्का और तंबाकू सेवन की गतिविधियों को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू और नशे से दूर रखने के लिए पुलिस, शिक्षण संस्थान, दुकानदार और अभिभावकों को मिलकर संयुक्त रूप से प्रयास करने होंगे।

Share:

Comments

Leave a comment