हिसार के अग्रोहा में सीएम फ्लाइंग की रेड, तेल टैंकरों से अवैध पेट्रोल-डीजल निकालने की शिकायत पर कार्रवाई

हिसार में सीएम फ्लाइंग टीम ने मंगलवार अलसुबह अग्रोहा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। तेल टैंकरों से कथित रूप से अवैध तरीके से पेट्रोल और डीजल निकालकर खरीदने, बेचने और उसका भंडारण करने की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर टीम ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे क्षेत्र के तीन होटल एवं ढाबों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तेल से संबंधित अनियमितता सामने आई है, जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा संबंधित होटल-ढाबा संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
किसने किया कार्रवाई का नेतृत्व
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र तथा हेड कांस्टेबल जितेंद्र व विजय भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग टीम को यह शिकायत मिली थी कि अग्रोहा क्षेत्र से गुजरने वाले तेल टैंकरों एवं अन्य वाहनों से चालक चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल निकालते हैं। यह पेट्रोल और डीजल कुछ होटल एवं ढाबा संचालकों को बाजार भाव से कम कीमत पर बेचा जाता था।
होटल और ढाबों पर अवैध भंडारण की आशंका
आरोप यह था कि इसके बाद इस अवैध तेल को होटल-ढाबा संचालक आगे अन्य लोगों को बेच देते थे। कुछ स्थानों पर इस तेल का अवैध रूप से भंडारण भी किया जाता था। यह भी आशंका जताई जा रही थी कि इस प्रकार पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण किए जाने से किसी भी समय आगजनी अथवा अन्य कोई गंभीर हादसा हो सकता है। इसी शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर मंगलवार सुबह करीब चार बजे अग्रोहा क्षेत्र में औचक जांच शुरू की थी।
रिकॉर्ड और तेल की स्थिति की जांच
संयुक्त टीम ने क्षेत्र के तीन होटल एवं ढाबों पर पहुंचकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और तेल से संबंधित जानकारी जुटाई। टीम ने यह भी जांच की कि होटल-ढाबों पर किसी प्रकार का पेट्रोल या डीजल रखा गया है या नहीं तथा वहां तेल के संबंध में कोई अनियमित गतिविधि तो नहीं हो रही है। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर तेल मिलने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा संबंधित होटल-ढाबा संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विभाग संचालकों से तेल के स्रोत और उसके भंडारण से संबंधित जानकारी मांगेगा। नोटिस के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार पेट्रोल-डीजल की अवैध खरीद, बिक्री अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।