कल का मौसम: अगले 15 घंटे में तूफानी हवाओं के साथ होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

देशभर में मानसून की विदाई का सीजन चल रहा है। लेकिन अभी भी कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। अगले 15 घंटे में देश के कई राज्यों में भारी बारिश होगी और तूफानी हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश को लेकर मौसम विभाग का अपडेट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिम बंगाल के कोलकाता में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर पूर्व असम में भी एक परिसंचरण तंत्र बेहद सक्रिय है। दक्षिण भारत में दक्षिण पूर्वी अरब सागर के नजदीक एक सर्कुलेशन है और यहां ट्रफ लाइन भी देखी जा रही है। इस वजह से कल 3 अक्टूबर को कई राज्यों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कल 3 अक्टूबर 2026 को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वी भारत के राज्यों उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश की संभावना है। वहीं
दक्षिण भारत के केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी झमाझम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा का अनुमान है। इस दौरान कई राज्यों में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती है।
इन राज्यों से मानसून की वापसी
मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी के हालात अभी अगले 24 घंटों के अंदर यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बने हुए हैं। यहां से मानसून वापसी कर रहा है या कमजोर पड़ता जा रहा है।
मानसून की असल स्थिति की बात करें तो उसकी रेखा अभी गुरदासपुर (पंजाब), चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), अलीगढ़ (यूपी), धौलपुर, उदयपुर और डीसा (राजस्थान) से होकर गुजर रही है और आगे गुजरात में नलिया तक जा रही है।