हरियाणा बोर्ड ने जारी किए 10वीं और 12वीं परीक्षा अक्तूबर-2026 के एडमिट कार्ड, इस दिन से होंगे डाउनलोड

सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा अक्तूबर-2026 के एडमिट कार्ड कल से होंगे लाईव
- बोर्ड वेबसाइट पर दिए गए लिंक से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं परीक्षार्थी
भिवानी, 21 सितंबर, 2026
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली सैकेण्डरी और सीनियर सैकेण्डरी यानी 10वीं व 12वीं शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय परीक्षा अक्तूबर-2026 के प्रवेश पत्र 22 सितंबर, 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव होंगे। परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा का शेड्यूल और परीक्षार्थियों की जानकारी
सैकेण्डरी और सीनियर सैकेण्डरी की पूरक परीक्षाएं 01 अक्तूबर से 22 अक्तूबर, 2026 तक संचालित की जा रही हैं। परीक्षा का समय दोपहर 02.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस परीक्षा में कुल 140 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिन पर लगभग 39537 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इन परीक्षार्थियों में कुल 25646 छात्र और 13891 छात्राएं शामिल हैं।
श्रेणीवार परीक्षार्थियों का विवरण
सैकेण्डरी शैक्षिक परीक्षा में कुल 8462 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। सीनियर सैकेण्डरी शैक्षिक परीक्षा में कुल 7647 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी तरह सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय परीक्षा में 8850 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सीनियर सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय परीक्षा के लिए कुल 14578 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
प्रवेश पत्र के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश
परीक्षार्थियों को अपने रंगीन प्रवेश-पत्र पर आवेदन-पत्र भरते समय स्कैन किया गया रंगीन फोटो चिपकाना होगा। इस फोटो को किसी राजकीय या अराजकीय मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य, मुख्याध्यापक या किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाना अनिवार्य है। परीक्षार्थी को प्रवेश-पत्र और मूल पहचान-पत्र जैसे आधार कार्ड के बिना परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी परीक्षार्थी यह सुनिश्चित करें कि उनके आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट हो।
परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी नियम
परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश-पत्र पर तिथि के अनुसार परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य हैं इसलिए प्रवेश-पत्र पर लैमिनेशन न करवाएं। परीक्षार्थी अपने प्रवेश-पत्र के सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि विवरणों में कोई त्रुटि पाई जाती है तो बोर्ड कार्यालय में आकर उसमें तुरंत शुद्धि करवा लें। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को फोटो और हस्ताक्षर में बदलाव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दंडात्मक कार्रवाई और हेल्पलाइन जानकारी
यदि किसी परीक्षार्थी का प्रवेश-पत्र जारी नहीं हुआ है तो वह बोर्ड कार्यालय में अपने वांछित दस्तावेज प्रस्तुत करे जिसके बाद ही अनुक्रमांक जारी किया जाएगा। किसी दूसरे व्यक्ति के स्थान पर परीक्षा में बैठना या परीक्षा देना एक गंभीर दंडात्मक अपराध है। ऐसा करने वाले परीक्षार्थी के खिलाफ बोर्ड द्वारा एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जाएगी। परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल, कैलकुलेटर और स्मार्ट वॉच जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का प्रयोग करना पूरी तरह वर्जित है। दिव्यांग परीक्षार्थियों को नियमानुसार लेखक की अनुमति बोर्ड कार्यालय या केंद्र अधीक्षक से लेनी होगी और संबंधित दस्तावेज ईमेल या दस्ती जमा करवाने होंगे। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर परीक्षार्थी बोर्ड वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254309 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सैकेण्डरी शाखा की ईमेल assec@bseh.org.in, सीनियर सैकेण्डरी शाखा की ईमेल assrs@bseh.org.in और मुक्त विद्यालय की ईमेल adhos@bseh.org.in पर तुरंत संपर्क करके समस्या का समाधान करवा सकते हैं।