खुशखबरी: एशियाई खेलों में छाए हरियाणवी, कुश्ती में अमन सहरावत ने जीता सोना

खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। प्रदेश के खिलाड़ी दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर विदेशी सरजमीं पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के एक और पहलवान खिलाड़ी ने सोना जीतकर तिरंगे का सम्मान बढ़ाया है।
अमन सहरावत ने जीता सोना
रेसलर अमन सहरावत ने पुरूषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। भारत के लिए यह आज के दिन का चौथा गोल्ड मेडल हैं। भारत 20 गोल्ड मेडल के साथ पदक तालिका में 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
झज्जर जिले के गांव बहरोड़ के रहने वाले अमन सहरावत ने पुरूषों की 57 किलोग्राम फ्री स्टाइल कुश्ती इवेंट में नार्थ कोरिया के पहलवान को हराते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। उनकी इस जीत पर पूरे देश के खेलप्रेमियों में खुशी की लहर छा गई है।
जोरदार स्वागत की तैयारी
एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमन सहरावत के गोल्ड मेडल जीतने की खबर जैसे ही सामने आई, पूरे गांव में खुशियों की लहर दौड़ गई। हर कोई मिठाई बांटकर उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सेलिब्रेट कर रहा है। परिजनों ने कहा कि हमारे बेटे अमन ने गोल्ड मेडल जीतकर विदेशी सरजमीं पर देश और प्रदेश के साथ- साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हमे अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है। अब उसके गांव लौटने पर फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया जाएगा।