हरियाणवी सिंगर की गाड़ी पर फायरिंग करने वाले बदमाश का एनकाउंटर, दोनों पैरों में लगी गोली

हरियाणवीं सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ है। शनिवार रात सोनीपत में STF व दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
घायल बदमाश की पहचान सोनीपत के लाडपुर, राई निवासी रोहित उर्फ बोदा के रूप में हुई है। शनिवार देर रात सोनीपत में पुलिस (एसटीएफ) और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई की। सुरक्षा बलों ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया था। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो फायर कर दिए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्तौल, बाइक और थैला बरामद किया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दावा किया जा रहा है कि बदमाश रोहित लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ है। आरोपी के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बता दें कि बीते 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक गांव में हरियाणवीं सिंगर दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। इस मामले में सिंगर ने पुलिस को शिकायत दी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित नाम से पोस्ट डालकर हमले की जिम्मेदारी ली गई थी। अब पुलिस ने सिंगर की गाड़ी पर फायरिंग करने वाले बदमाश रोहित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।