हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान, टीबी के 45 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले

हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान, टीबी के 45 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले

हरियाणा सरकार ने अपने विस्तारित टीबी अभियान के तहत राज्यभर में बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग ने 7.22 लाख लोगों की जांच की और इसके जरिए 45,090 टीबी के मरीज़ों का पता लगाया है। इसके साथ ही, पात्र घरेलू संपर्कों के लिए बचाव के इलाज का कवरेज जून 2026 से 31 प्रतिशत से बढ़कर अब 67 प्रतिशत से अधिक हो गया है।

स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने की समीक्षा

चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने गुरुवार को इस प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। डॉ. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब टीबी यूनिट्स का विस्तार किया जा रहा है। इसके जरिए टीबी सेवा नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार की योजना सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-मंडलीय अस्पतालों में टीबी यूनिट्स स्थापित करने की है। ताकि जांच, निदान, उपचार और फॉलो-अप की सुविधाएं बेहतर हो सकें। जानकारी के लिए बता दें कि सीएचसी और पीएचसी में टीबी यूनिट्स पहले से ही स्थापित हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विस्तारित अभियान के दौरान लगाए गए हजारों कैंप

यह विस्तारित अभियान 24 मार्च से 14 सितंबर तक चलाया गया था। इस अभियान के दौरान कुल 5,221 कैंप आयोजित किए गए थे। इनमें से 3,214 कैंप विशेष तौर पर ज्यादा जोखिम वाले गांवों में लगाए गए थे। जांच किए गए 7.22 लाख लोगों में से 3.66 लाख लोगों का चेस्ट एक्स-रे किया गया। इसके अलावा, इस दौरान 2.15 लाख मॉलिक्यूलर टेस्ट भी किए गए हैं।

टीबी बचाव उपचार में हुआ उल्लेखनीय सुधार

पल्मोनरी ड्रग-सेंसिटिव टीबी मरीज़ों के संपर्क में आए परिवार के सदस्यों यानी घरेलू संपर्कों के लिए टीबी बचाव उपचार में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। 14 सितंबर तक 47,322 पात्र घरेलू संपर्कों में से 31,580 लोगों को बचाव का इलाज दिया गया। इससे टीबी बचाव उपचार का कवरेज 24 जून के 31 प्रतिशत से बढ़कर सीधे 67 प्रतिशत हो गया है। राज्य के अठारह जिलों ने 50 प्रतिशत कवरेज का आंकड़ा पार कर लिया है और राहत की बात यह है कि कोई भी जिला रेड ज़ोन में नहीं रहा है।

एन.ए.ए.टी टेस्टिंग और जिलों का प्रदर्शन

अभियान के दौरान एन.ए.ए.टी टेस्टिंग की संख्या बढ़कर 2.15 लाख तक पहुँच गई है। इससे जून 2026 में इसकी हिस्सेदारी 61 प्रतिशत से बढ़कर 71 प्रतिशत हो गई है। राज्य के पांच जिलों में 80 प्रतिशत से ज़्यादा कवरेज दर्ज किया गया है, जबकि सभी ज़िलों ने 50 प्रतिशत का आंकड़ा सफलतापूर्वक पार कर लिया है।

Share:

Comments

Leave a comment