हरियाणा में स्कूली खेल चार अक्टूबर से शुरू, शिक्षा निदेशालय ने जारी किया नया शेड्यूल

हरियाणा सरकार ने स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल टूर्नामेंट्स (2026-27) के तहत आयोजित होने वाले कई खेलों का नया शेड्यूल जारी कर दिया है।
- शिक्षा निदेशालय ने जारी किया नया कार्यक्रम
- चार अक्टूबर से शुरू होंगी खेल प्रतियोगिताएं
- जिला अधिकारियों के अनुरोध पर बदला शेड्यूल
जिला अधिकारियों के अनुरोध पर बदला गया शेड्यूल
यह नया शेड्यूल जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के अनुरोध के बाद विभाग द्वारा जारी किया गया है। प्रतियोगिताओं का पहला चरण चार से छह अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, प्रतियोगिताओं का दूसरा चरण नौ से 11 अक्टूबर तक संपन्न होगा।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक, हरियाणा, पंचकूला की ओर से प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को नए शेड्यूल के पालन के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने इस संबंध में जिला उपायुक्तों तथा जिला खेल अधिकारियों एवं परिवहन विभाग के महाप्रबंधकों को भी आधिकारिक पत्र भेज दिया है। परिवहन विभाग को यह विशेष निर्देश दिए गए हैं कि दूसरे जिलों से आने-जाने वाले खिलाड़ियों के लिए आवश्यकतानुसार बसों की निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
खर्च और टाइमटेबल से जुड़े निर्देश
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इन टूर्नामेंट्स के संचालन और खिलाड़ियों के खान-पान व ठहरने का खर्च अपने स्वयं के तय बजट व स्कीम से ही जारी करेंगे। इसके साथ ही अकादमिक सेल को भी यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे इस नए टाइमटेबल को टीचर्स डायरी में अपडेट करें। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि स्कूलों की नियमित पढ़ाई और परीक्षाओं पर इस खेल शेड्यूल का कोई भी असर न पड़े।