हरियाणा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की रेवाड़ी में बैठक, शिक्षा विभाग के नए नियमों का कड़ा विरोध

हरियाणा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक राज इंटरनेशनल स्कूल, रेवाड़ी में आयोजित की गई। यह बैठक निजी स्कूलों की समस्याओं को लेकर बुलाई गई थी। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामपाल यादव ने की। बैठक में प्रदेश के मुख्य संरक्षक जवाहर लाल दुहन और उपाध्यक्ष जगदेव सिंह विशेष रूप से आमंत्रित रहे।
- निजी स्कूलों की समस्याओं पर चर्चा के लिए रेवाड़ी में बैठक हुई।
- शिक्षा विभाग के नए और अनुचित नियमों का कड़ा विरोध किया गया।
- नियमों को वापस न लेने पर पूरे हरियाणा में सड़क पर उतरने की चेतावनी दी गई।
शिक्षा और गुणवत्ता पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष रामपाल यादव ने कहा कि सभी प्राइवेट स्कूल ईमानदारी और कड़ी मेहनत करके बच्चों को शिक्षा देने का कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में कोई बहाना नहीं होता है। ये बच्चे ही आगे जाकर एक सक्षम और विकसित राष्ट्र का निर्माण करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा विभाग ने इन अनुचित नियमों को प्राइवेट स्कूलों पर थोपने का कार्य किया, तो एसोसिएशन संघर्ष करने के लिए मजबूर होगी। शिक्षा विभाग द्वारा थोपे गए इन नियमों का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
पोर्टल और मान्यता के नाम पर परेशानी
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों की तरह प्राइवेट स्कूलों को भी पोर्टल के कार्यों में उलझा कर परेशान करना चाह रहा है। मुख्य संरक्षक जवाहर लाल दुहन ने अपने संबोधन में कहा कि प्राइवेट स्कूलों का देश की प्रगति और शिक्षा के उत्थान में विशेष योगदान रहा है। जो कार्य देश की शिक्षा विभाग पूरा नहीं कर पा रही है, उसे प्राइवेट स्कूल पूरा कर रहे हैं। यदि प्राइवेट स्कूल न होते, तो क्या शिक्षा विभाग शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पूरी भूमिका निभा पाती। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों ने परमानेंट मान्यता ली हुई है, उन्हें भी 10 वर्ष के बाद दोबारा रिव्यू करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जब शिक्षा विभाग ने सरकार के नियमों को पूरा करने पर ही इन सभी स्कूलों को नियमानुसार परमानेंट मान्यता दी थी, तो फिर दोबारा से मान्यता रिव्यू का नियम थोपने का क्या मतलब है। इससे भ्रष्टाचार बढ़ेगा और प्राइवेट स्कूल परेशान होंगे।
स्कूल वाहनों की फिटनेस और आरटीए के खिलाफ आक्रोश
प्रदेश उपाध्यक्ष जगदेव जी ने कहा कि स्कूल वाहनों को फिटनेस पासिंग के लिए जिला मुख्यालय की बजाय जोन लेवल पर सरकार द्वारा विशेष पहुंच वाले लोगों द्वारा स्थापित फिटनेस सेंटरों पर पासिंग करवाने के लिए नियम थोपा जा रहा है। यह नियम पूरी तरह से अव्यावहारिक है, जिससे सभी स्कूल संचालकों में RTA के खिलाफ भारी आक्रोश है। इस मौके पर प्रदेश महासचिव चौ. रणबीर सिंह ने भी शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्त नाराजगी व्यक्त की, ताकि प्राइवेट स्कूल अपना कार्य सुचारू रूप से कर सकें।
चेतावनी और आगामी कदम
सभी ने शिक्षा विभाग द्वारा थोपे गए इन नियमों का कड़ा विरोध किया। इन नियमों को वापस न लेने पर पूरे हरियाणा प्रदेश स्तर पर विरोध करने का ऐलान किया गया। शिक्षा विभाग जल्द ही एसोसिएशन की इन मांगों पर शीघ्रता से पुनर्विचार करे, क्योंकि पूरे हरियाणा के निजी स्कूल संचालकों में भारी आक्रोश है। यदि समय रहते निजी स्कूलों के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा इन पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो एसोसिएशन पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। इस अवसर पर कैशियर सुमेर सिंह, महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष पवन तंवर, प्रमोद शास्त्री, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष धर्मबीर, राकेश, श्री भगवान, मुकेश, रणधीर सिंह चौहान, मनीष, सुरेंद्र सिवाच, देवेंद्र, विक्रम, सत्यपाल, ओमबीर, शिवचरण, कृष्ण, नितेश और जगदेव सहित सभी स्कूल संचालक उपस्थित रहे।