महेंद्रगढ़ शहर को जलभराव से मिलेगा छुटकारा, 13 करोड़ की लागत से बनेगा नया वाटर स्टोरेज टैंक

महेंद्रगढ़ शहर की आबादी के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां लोगों को बरसातीं पानी के जलभराव से छुटकारा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके तहत जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 13 करोड़ रूपए की लागत से खेल स्टेडियम के नजदीक वाटर स्टोरेज टैंक का निर्माण किया जाएगा।
महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव ने इस परियोजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से बरसाती मौसम में पुराने नारनौल रोड पर होने वाली जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
यहां लंबे समय से बरसाती मौसम में जलभराव की समस्या बनी हुई है। खासकर पुराने नारनौल रोड पर इस समस्या के चलते लोगों को आवागमन करने में मुश्किलें झेलनी पड़ती है। शहरवासियों की इसी समस्या के स्थाई समाधान के लिए वाटर स्टोरेज टैंक का निर्माण किया जा रहा है।
इस टैंक में बरसात के दौरान इकट्ठा होने वाले पानी को मशीनों की सहायता से दोहन नदी में भेजा जाएगा। इससे बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी जिससे सड़को और गलियों में होने वाली जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आमजन को बिजली-पानी, पक्की सड़कें, सीवरेज व्यवस्था, जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं।