हरियाणा डी.एल.एड. परीक्षा 2026: एडमिट कार्ड 21 सितंबर से उपलब्ध

21 सितंबर से उपलब्ध होंगे डी.एल.एड.(नियमित/रि-अपीयर/मर्सी चांस) परीक्षा के प्रवेश-पत्र
भिवानी/ 18 सितम्बर 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा डी.एल.एड. परीक्षा अक्तूबर-2026 के संबंध में महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2023-25 प्रथम व द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर), प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) व द्वितीय वर्ष (नियमित), प्रवेश वर्ष 2025-27 प्रथम वर्ष (नियमित), तथा प्रवेश वर्ष 2021-23 व 2022-24 प्रथम व द्वितीय वर्ष मर्सी चांस परीक्षा अक्तूबर-2026 के पात्र छात्र-अध्यापकों के प्रवेश-पत्र संस्था की लॉग-इन आई0डी0 पर 21 सितंबर, 2026 से उपलब्ध होंगे।
प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया
सभी संबंधित संस्था और कॉलेज के प्राचार्य तथा मुखिया सभी छात्र-अध्यापकों के प्रवेश-पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक से अपना यूजर आई0डी0 और पासवर्ड प्रयोग करके डाउनलोड कर सकते हैं। संबंधित छात्र-अध्यापक अपने प्रवेश-पत्र प्राप्त करने के लिए अपनी संस्था से संपर्क करें। बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ व सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा, भा.प्र.से. ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी है।
परीक्षा तिथि और समय
डी.एल.एड. परीक्षाओं का संचालन 01 अक्तूबर से 24 अक्तूबर 2026 तक करवाया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। सभी छात्र-अध्यापक प्रवेश-पत्र पर दर्शाए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढ़कर और समझकर उनकी पालना करना सुनिश्चित करें। संस्था के मुखिया और छात्र-अध्यापक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट ए-4 साइज पेपर पर फोटो के साथ लेना अनिवार्य है।
आधार कार्ड और आईडी अपडेट करना अनिवार्य
सभी छात्र-अध्यापक अपने आधार कार्ड या फोटो आईडी में अपने विवरणों को अपडेट करवाना सुनिश्चित करें। बिना अपडेशन के छात्र-अध्यापक को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दिव्यांग छात्र-अध्यापकों के लेखक (Writer) से जुड़े नियम
ऐसे छात्र-अध्यापक जो Visually impaired, Dyslexic and Spastic, Deaf & Dumb, Permanently Disabled for Writing with their own hands श्रेणियों के अंतर्गत आते हैं तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा उनकी अशक्तता 40 प्रतिशत या इससे अधिक प्रमाणित की गई है और वे लेखक लेना चाहते हैं, तो संबंधित कॉलेज या शिक्षण संस्था के प्राचार्य या प्रतिनिधि द्वारा दिव्यांग छात्र-अध्यापक के लिए लेखक के मूल एवं सत्यापित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इन दस्तावेजों में शैक्षणिक योग्यता, जन्म प्रमाण-पत्र, दो नवीनतम फोटो (एक सत्यापित), फोटो आईडी, पत्राचार व स्थायी पता शामिल हैं। संबंधित दस्तावेज परीक्षा से दो दिन पूर्व लेखक की स्वीकृति केंद्र अधीक्षक से लेना सुनिश्चित करें। जिस छात्र को लेखक के रूप में लिया जाना है, उसकी आयु परीक्षा में प्रविष्ट होने वाले छात्र-अध्यापक से कम होनी चाहिए तथा शैक्षणिक योग्यता वरिष्ठ माध्यमिक (10+2) से अधिक नहीं होनी चाहिए। स्वीकृति के बिना छात्र-अध्यापक के लेखक को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
अपात्र छात्र-अध्यापकों के अनुक्रमांक को लेकर निर्देश
संस्था या कॉलेज के प्राचार्य और मुखिया इस बात के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे कि ऐसे सभी छात्र-अध्यापक जो निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा के लिए योग्य या पात्र नहीं हैं, उनके अनुक्रमांक जारी न किए जाएं। ऐसे मामलों के छात्र-अध्यापकों के अनुक्रमांक कॉलेज या संस्था के मुखिया द्वारा रिपोर्ट सहित बोर्ड कार्यालय को परीक्षा शुरू होने से पहले हर अवस्था में वापस भेजे जाने हैं।
प्रायोगिक परीक्षाओं और एसआईपी (SIP) से जुड़ी जानकारी
डी.एल.एड. (नियमित/रि-अपीयर/मर्सी चांस) परीक्षा अक्तूबर-2026 से संबंधित छात्र-अध्यापकों की बाह्य प्रायोगिक परीक्षाएं एवं आंतरिक प्रायोगिक परीक्षा संबंधित शिक्षण संस्थानों में संचालित करवाई जाएगी। सभी संबंधित शिक्षण संस्थाएं प्रायोगिक परीक्षा के बारे में सभी छात्र-अध्यापकों को समय पर सूचना देना सुनिश्चित करें। सभी शिक्षण संस्थाएं छात्र-अध्यापकों के आंतरिक एवं बाह्य प्रायोगिक मूल्यांकन व एसआईपी (SIP) के अंक ऑनलाइन भरने के लिए 24 सितंबर से 03 अक्तूबर, 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर विजिट करें।
जुर्माने से जुड़े दिशा-निर्देश
अंतिम तिथि के उपरांत आंतरिक प्रायोगिक मूल्यांकन की अंक सूचियां 500/- रुपये प्रति छात्र-अध्यापक या अधिकतम 5000/- रुपये प्रति शिक्षण संस्था जुर्माने के साथ ही स्वीकार की जाएंगी। किसी शिक्षण संस्था को निर्धारित तिथि तक आंतरिक एवं बाह्य प्रायोगिक मूल्यांकन व एसआईपी के अंक भरने में तकनीकी कारणों से कठिनाई आती है, तो इसके निवारण हेतु दूरभाष नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।