हरियाणा के कॉलेजों के लिए जरूरी आदेश, लेनी होगी डिजिटल अध्ययन सामग्री

हरियाणा के कॉलेजों के लिए जरूरी आदेश, लेनी होगी डिजिटल अध्ययन सामग्री

चंडीगढ़, 01 अक्टूबर। हरियाणा के सरकारी सहायता प्राप्त यानी गवर्नमेंट एडेड कॉलेजों में छात्रों और शिक्षकों को डिजिटल अध्ययन सामग्री से जोड़ने के लिए उच्च शिक्षा विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी कॉलेजों को जल्द से जल्द नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया से जुड़ने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिन कॉलेजों ने अभी तक नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया की संस्थागत सदस्यता यानी इन्स्टिट्यूशनल मेंबरशिप नहीं ली है, शिक्षा विभाग ने उन कॉलेजों को पत्र जारी कर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन पूरा करने का अंतिम निर्देश दिया है।

कॉलेजों के प्राचार्यों को जारी किया गया कड़ा पत्र

उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश के सभी एडेड कॉलेजों के प्राचार्यों को एक पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि विभाग के संज्ञान में यह बात आई है कि कुछ कॉलेजों ने तो पोर्टल पर जाकर संस्थागत सदस्यता ले ली है। लेकिन इसके विपरीत कई कॉलेजों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस लापरवाही पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बिना किसी शुल्क के मिलता है भारी डिजिटल कंटेंट

छात्रों और शिक्षकों को विभिन्न विषयों, विभिन्न भाषाओं जैसे हिंदी, अंग्रेजी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं और विभिन्न श्रेणियों की ई-बुक्स, रिसर्च पेपर्स, वीडियो लेक्चर्स और स्टडी मटीरियल का एक्सेस बिना किसी शुल्क के मिलता है। पारंपरिक लाइब्रेरी की सीमाओं को पूरी तरह खत्म कर छात्र कहीं से भी चौबीसों घंटे पढ़ाई कर सकते हैं। पारंपरिक लाइब्रेरी की सीमाओं में किताबों की सीमित संख्या या वहां जाने की मजबूरी शामिल होती है।

परीक्षा की तैयारी और शोधकर्ताओं के लिए बड़ी सुविधा

इस डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के पिछले सालों के प्रश्न पत्र, मॉक टेस्ट और उत्तर कुंजी उपलब्ध हैं। शोधकर्ताओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र एक ही क्लिक पर आसानी से मिल जाते हैं। कॉलेजों को इन्स्टिट्यूशनल मेम्बरशिप मिलने से उनके सभी छात्रों और शिक्षकों को एक एकीकृत प्लेटफॉर्म के तहत पंजीकृत किया जा सकता है। इससे उनकी अध्ययन गतिविधि और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को ट्रैक व प्रोत्साहित किया जा सकता है।

Share:

Comments

Leave a comment