हरियाणा में नए राशनडिपो खोलने के प्रस्ताव को सीएम ने दी मंजूरी, इस महीने से शुरू होंगे आवेदन

हरियाणा में नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में विभागीय प्रस्ताव को सीएम नायब सैनी ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। इस प्रस्ताव के तहत हरेक जिले और गांव में प्रत्येक 500 राशनकार्डों पर एक नया डिपो खोला जाएगा। इस आधार पर करीब 4 हजार नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया हैं और इसमें 33% डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव पर अभी कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं जैसे जांच, पात्रता से जुड़े नियम, आवेदन की शर्तें आदि पूरा किया जाना बाकी है। इस तमाम प्रक्रियाओं को जनवरी महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा इसे कैबिनेट मीटिंग में रखा जाएगा। कैबिनेट मीटिंग से मंजूरी के बाद नए राशन डिपो के लिए आवेदन अगले साल जनवरी के आखिर सप्ताह तक शुरू होंगे, जिन्हें अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से लिया जाएगा।
रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में डिपो धारक की मृत्यु हो जाने या फिर किसी अन्य वजह के चलते डिपो पद खाली पड़े हैं। कई पद लाभार्थियों की संख्या बढ़ने से नए बने हैं। नए नियमानुसार हर 500 राशनकार्ड पर एक नया डिपो खोला जाएगा जिससे लगभग प्रत्येक गांव में एक नया डिपो खुलेगा। उन्होंने बताया कि नए डिपो खोलने से लोगों को राशन मिलने में आसानी होगी। एक डिपो से राशनकार्ड दूसरे डिपो पर स्थानांतरित हो जाएंगे तो राशन के लिए लगने वाली लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा। वहीं, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
प्रदेश में नए राशन डिपो खोलने के प्रारंभिक प्रस्ताव को सीएम नायब सैनी ने मंजूरी प्रदान कर दी है। लगभग 4 हजार नए राशन डिपो खोलने की योजना बनाई गई है। जनवरी महीने के अंत तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। अश्वनी कुमार, सुपरिटेंडेंट, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरियाणा।