हरियाणा बोर्ड 9वीं-12वीं एनरोलमेंट प्रक्रिया 2026 आज से शुरू

हरियाणा बोर्ड 9वीं-12वीं एनरोलमेंट प्रक्रिया 2026 आज से शुरू

हरियाणा में कक्षा 9वीं से 12वीं एनरोलमेंट एवं पंजीकरण की तिथियां निर्धारित

  • विद्यालय आज से कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

भिवानी/ 18 सितम्बर 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए एक प्रेस वक्तव्य जारी किया है। इस वक्तव्य में संयुक्त रूप से बताया गया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए एनरोलमेंट रिटर्न भरने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

राजकीय, अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त एवं बोर्ड से स्थायी संबद्धता प्राप्त विद्यालय व गुरूकुल और विद्यापीठ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाईट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

एनरोलमेंट शुल्क और तिथियां

सभी विद्यालय मुखिया हरियाणा राज्य के विद्यार्थियों के लिए 150 रूपये प्रति विद्यार्थी एनरोलमेंट शुल्क सुनिश्चित करें। अन्य राज्यों के प्रवासी विद्यार्थियों के लिए 200 रूपये प्रति विद्यार्थी एनरोलमेंट शुल्क तय किया गया है। विद्यालय 18 सितंबर से 12 अक्तूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें।

विलंब शुल्क के साथ आवेदन की तिथियां

इसके पश्चात विद्यालय 100 रूपये विलंब शुल्क सहित 13 अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। 200 रूपये विलंब शुल्क सहित 20 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। 300 रूपये विलंब शुल्क सहित 27 अक्तूबर से 02 नवंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। 1000 रूपये विलंब शुल्क सहित 03 नवंबर से 10 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

छात्र विवरण में शुद्धि का समय

अधिकारियों ने बताया कि छात्र विवरणों में 13 नवंबर से 18 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन शुद्धि कर सकते हैं। विद्यालय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनके विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की एनरोलमेंट रिटर्न और शुल्क एक बार में यानी एकमुश्त ऑनलाइन भरी जानी है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी विद्यार्थी का आवेदन फार्म ऑफलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

दस्तावेज और प्रवेश रजिस्टर

विद्यालय द्वारा दाखिला खारिज रजिस्टर में अन्तिम विद्यार्थी के प्रवेश पृष्ठ की सत्यापित छायाप्रति अपलोड करवाई जानी अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं व 11वीं के छात्रों का 50 रूपये प्रति छात्र प्रश्र पत्र शुल्क भी निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन जमा करवाना होगा।

प्रश्र पत्र शुल्क और नियम

एनरोलमेंट की अन्तिम तिथि के बाद प्रश्र-पत्र शुल्क 1000 रूपये अथवा सक्षम अधिकारी के आदेशानुसार शुल्क जुर्माना सहित भरना होगा। अन्यथा प्रश्र पत्र प्राप्त न होने की अवस्था में विद्यालय स्वयं जिम्मेवार होगा।

कक्षा 11वीं और एनरोलमेंट के विशेष नियम

जिन विद्यार्थियों का 9वीं कक्षा में एनरोलमेंट पूर्व में हो चुका है और उन द्वारा कक्षा 10वीं की परीक्षा इसी बोर्ड से नियमित या मुक्त विद्यालय के तौर पर न देकर अन्य समकक्ष मान्यता प्राप्त बोर्ड से परीक्षा पास की है, तो ऐसे विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं में एनरोलमेंट करवाने की आवश्यकता नहीं है। कक्षा 11वीं में जिन विद्यार्थियों का एनरोलमेंट पहले ही हो चुका है, ऐसे विद्यार्थियों का विद्यालयों द्वारा केवल रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए 100 रूपये प्रति विद्यार्थी शुल्क भी ऑनलाइन जमा करवाना होगा।

अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए निर्देश

इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं, 10वीं व 12वीं में अध्ययनरत जिन विद्यार्थियों का पहले ही एनरोलमेंट हो चुका है और वे परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए हैं या दोबारा उसी कक्षा में दाखिला लिया है, उनके एनरोलमेंट फार्म दोबारा भेजने की जरूरत नहीं है। केवल रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा, जिसके लिए 100 रूपये प्रति विद्यार्थी शुल्क भी ऑनलाइन जमा करवाना होगा।

आधार कार्ड और APAR ID की अनिवार्यता

विद्यार्थियों के एनरोलमेंंट रिटर्न भरते समय विद्यालयों द्वारा विद्यार्थी के आधार नंबर के साथ पिता का आधार नंबर भी दर्ज किया जाना अनिवार्य है। यदि किसी कारणवश पिता का आधार नंबर नहीं है, तो माता का आधार नंबर भरें। गत वर्ष की भांति एनरोलमेंंट रिटर्न के दौरान परीक्षार्थियों की APAR ID का कॉलम भी दिया गया है, जिसमें परीक्षार्थियों की APAR ID संख्या दर्ज की जानी है।

वर्दी में फोटो और टीसी के नियम

विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के जो फोटो आवेदन-पत्र में भेजे जाने हैं, वह विद्यालय की वर्दी में ही हों, जिससे यह अलग पहचान हो सके कि अमुक परीक्षार्थी अमुक विद्यालय का है। विद्यालयों द्वारा एनरोलमेंट ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन फार्म भरते समय अन्य राज्य से आने वाले विद्यार्थियों की प्रतिहस्ताक्षरित एसएलसी या टीसी अपलोड करनी होगी। कक्षा 11वीं व 12वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का 10वीं का प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा अन्यथा एनरोलमेंट आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे, जिसके लिए विद्यालय स्वयं जिम्मेवार होगा।

त्रुटियों को ठीक करने के नियम

विद्यार्थियों के विवरण अपलोड करने उपरान्त उनमें केवल दो त्रुटियों को जन्म तिथि को छोड़कर बिना शुल्क ठीक किया जा सकता है। दो से अधिक त्रुटियां पाए जाने पर 300 रूपये प्रति शुद्धि शुल्क सहित निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन ठीक किया जा सकता है। इसके उपरान्त बोर्ड कार्यालय में मूल रिकार्ड व वांछित सत्यापित प्रतियों सहित 300 रूपये शुल्क के साथ त्रुटियों में ऑफलाइन संशोधन करवाया जा सकता है।

अभिभावकों के लिए निर्देश और हेल्पलाइन

विद्यालय अपने विद्यार्थियों के एनरोलमेंट रिटर्न आवेदन-पत्र उपरोक्त तिथियों में निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करवाना सुनिश्चित करें। विद्यालय एनरोलमेंट के सम्बन्ध में पूछताछ के लिए बोर्ड कार्यालय में किसी भी अवस्था में छात्र या अभिभावक को ना भेजें। ऑनलाइन रिटर्न भरते समय किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई के लिए हैल्पलाईन दूरभाष नंबर 01664-254300, 254302, एवं दूरभाष नंबर 01664-244171 से 176 Ext.110 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ई-मेल asenr@bseh.org.in पर मेल भेजी जा सकती हैं।

Share:

Comments

Leave a comment