अम्बाला में हर्ष कोचर ने संभाला बीजेपी मजदूर सेल के जिलाध्यक्ष पद का कार्यभार

भारतीय जनता पार्टी मजदूर सेल जिला अंबाला कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष पद ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और जोश के साथ सनराइज पैलेस बराड़ा में किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्नव चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में मौजूद मजदूरों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
हर्ष कोचर को सौंपी गई जिम्मेदारी
अर्नव चटर्जी ने हर्ष कोचर को अंबाला के जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्हें पगड़ी पहनाकर, फूल-माला डालकर और नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हर्ष कोचर के नाम की घोषणा होते ही पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
मजदूरों के हक की लड़ाई
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्नव चटर्जी ने कहा कि भारतीय जनता मजदूर सेल देशभर में मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को संगठित करना, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और शोषण के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्ष कोचर के नेतृत्व में अंबाला जिला इकाई और अधिक मजबूत होगी और मजदूरों की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष का संकल्प
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हर्ष कोचर ने पदभार ग्रहण करते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक और गांव स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा और हर मजदूर तक संगठन की पहुंच बनाई जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम स्थल पर भारतीय जनता मजदूर सेल के बैनर, पोस्टर और भगवा रंग का माहौल छाया रहा, जिससे पूरा पंडाल आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्नव चटर्जी तथा नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष हर्ष कोचर के साथ अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह में जिला कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और मजदूर वर्ग ने भाग लिया।