हांसी में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई रोडवेज बस, पीछे से आ रही गाड़ी भी भिड़ी

हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सुखराज होटल के सामने एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में बस में सवार 45-50 यात्री बाल-बाल बच गए हैं। दूसरी गाड़ी में सवार एक महिला को हल्की चोट लगी है। यह घटना हांसी में 17 सितंबर को हुई है।
ट्रैक्टर से टकराई फतेहाबाद डिपो की रोडवेज बस
डिवाइडर पर पौधों की कटाई के काम में लगा एक ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा हुआ था। इसी दौरान गुरुग्राम से सिरसा जा रही फतेहाबाद डिपो की रोडवेज बस ने उस ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बस में करीब 45-50 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। ट्रैक्टर चालक की पहचान भटू कलां निवासी राकेश के रूप में हुई है।
पीछे से आ रही गाड़ी भी बस से टकराई
टक्कर लगने के बाद अचानक रोडवेज बस रुक गई थी। बस के अचानक रुकने के कारण पीछे से आ रही एक अन्य गाड़ी भी बस से जा टकराई। इस गाड़ी में सातरोड निवासी पूर्व सरपंच नरेश पूनिया समेत कुल चार लोग सवार थे। गाड़ी में सवार सातरोड निवासी कृष्णा पत्नी रामफल को हल्की चोट आई है।
सड़क किनारे तेल डाल रहा था ट्रैक्टर चालक
जानकारी के मुताबिक खरकड़ा निवासी मोहित गुरुवार को ट्रैक्टर से नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर लगे पौधों की कटाई कर रहा था। उसने अपने ट्रैक्टर को सड़क किनारे रोक रखा था। वह खड़े हुए ट्रैक्टर में तेल डालने का काम कर रहा था। तभी यह हादसा हुआ है।
हाईवे पर मचा अफरा-तफरी का माहौल
हादसे की सूचना मिलते ही ईआरवी-306 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।