गुरुग्राम में हथियार के बल पर युवक के अपहरण की कोशिश का पर्दाफाश, 05 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में हथियार के बल पर युवक के अपहरण की कोशिश का पर्दाफाश, 05 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने हथियार के बल पर अपहरण करने के प्रयास के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रॉपर्टी डील को लेकर हुई रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की योजना शिकायतकर्ता का अपहरण करके उसके पिता पर प्रॉपर्टी की डील रद्द करने या रुपये देने का दबाव बनाने की थी।

गैलेरिया मार्केट में दिया गया था वारदात को अंजाम

दिनांक 22 सितंबर 2026 को पुलिस थाना सेक्टर-29 में एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 21 सितंबर को वह गैलेरिया मार्केट आया था और अपनी कार पार्क करके एक कैफे में गया था। वापस आकर जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगा, तब एक व्यक्ति उसकी कार की अगली सीट पर और दो व्यक्ति पिछली सीट पर आकर बैठ गए। अगली सीट पर बैठे व्यक्ति ने उसे पिस्तौलनुमा हथियार दिखाकर उनके साथ चलने के लिए कहा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

गोली चलाने का प्रयास और आरोपियों का भागना

शिकायतकर्ता द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसपर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली। शिकायतकर्ता ने तत्परता दिखाते हुए अपनी कार आगे बढ़ा दी, जिससे पिछली सीट पर बैठे दोनों व्यक्ति कार से उतरकर भाग गए। आगे स्कूटी आने के कारण उसे कार रोकनी पड़ी, जिसका फायदा उठाकर अगली सीट पर बैठा आरोपी भी कार से उतरकर भाग गया। हालांकि, उनका पिस्तौल/कट्टा कार में ही छूट गया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-29 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

त्वरित कार्रवाई करके 05 आरोपियों को किया गया काबू

अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी और सुराग जुटाए। पुलिस टीम ने 01 अक्टूबर को गुरुग्राम से 05 आरोपियों को काबू करके गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण, सुमेर सिंह, शिव शंकर, अमन और हेमंत के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रवीण ने शिकायतकर्ता के पिता के साथ प्रॉपर्टी की डील की थी, जिसे बाद में शिकायतकर्ता के पिता ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ कर लिया था।

नूंह से लाया गया था हथियार और बनाई गई थी योजना

प्रॉपर्टी डील रद्द होने की रंजिश के चलते आरोपी प्रवीण और सुमेर नूंह से हथियार लेकर आए थे। सुमेर ने अपने परिचित शिव शंकर, अमन और हेमंत को भी इस योजना में शामिल किया। दिनांक 21 सितंबर को योजना के अनुसार शिव शंकर कार की अगली सीट पर बैठा, अमन और हेमंत पिछली सीट पर बैठे और सुमेर कार के बाहर खड़ा रहा। पुलिस इस मामले में आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है और आगामी कार्रवाई जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment