गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक मोटरसाइकिल पर निकले 126 चालान, दस लाख से ज्यादा का जुर्माना बकाया

126 लंबित चालान लंबित और 10,30,000 रुपये की जुर्माना राशि बकाया
गुरुग्राम ट्रेफिक पुलिस के द्वारा मोटरसाइकिल को किया गया इंपाउंड
दस्तावेज दिखाने को कहा गया परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया
लंबित चालानों की जानकारी देकर भुगतान करने को जागरूक किया जा रहा
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/30 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्सगुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया मामला
बुधवार को जोनल अधिकारी उद्योग विहार, सहायक उप निरीक्षक मनोज द्वारा अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज दिखाने को कहा गया। परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
मोटरसाइकिल पर मिले 126 लंबित चालान
तत्पश्चात जांच में पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 126 चालान लंबित हैं। इनकी कुल जुर्माना राशि 10,30,000 रुपये है। इनमें अधिकांश चालान बिना हेल्मेट, बिना पॉल्यूशन तथा बिना नंबर प्लेट सहित अन्य कुल 126 चालान लंबित पाए गए।
पुलिस की अपील और वाहन इंपाउंड
लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया। गुरुग्राम यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन आपकी एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।