गुरुग्राम में सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ने वाली 24-मीटर सड़क शुरू

गुरुग्राम /19 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम में सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ने वाली नई 24-मीटर चौड़ी सड़क को आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया है। गोदरेज एरिस्टोक्रेट सोसायटी में हरियाणा के मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस सड़क का उद्घाटन किया। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के करीब 30 हजार लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल गई है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज ने किया सड़क का निर्माण
गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने एरिस्टोक्रेट सोसायटी में सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ने वाली इस 24 मीटर चौड़ी सरकारी सड़क का निर्माण हरियाणा सरकार के सहयोग से पूरा किया है। शनिवार को यह सड़क आम जनता के लिए खोल दी गई। विधिवत रूप से इस सड़क का उद्घाटन हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया। गोदरेज प्रॉपर्टीज द्वारा निर्मित इस सड़क मार्ग के बनने से यहां के 30 हजार के करीब निवासियों तथा स्कूली बच्चों को बहुत सुविधा होगी।
24 मीटर रोड को लेकर जल्द नई नीति लाएगी सरकार
इस दौरान अपने संबोधन में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि शहरी क्षेत्र में 24 मीटर रोड का निर्माण एक बड़ा विषय है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अधिकारियों के साथ इस विषय को लेकर विभिन्न दौर की बैठक कर चुके हैं। हरियाणा सरकार जल्द ही 24 मीटर रोड को लेकर एक नीति लेकर आएगी जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके। साथ ही इस विषय से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास है कि विकास कार्यों में आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
शहरी बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर गोदरेज प्रॉपर्टीज की नॉर्थ जोन सीईओ गीतिका त्रेहन ने कहा कि गोदरेज प्रॉपर्टीज में हम गुणवत्तापूर्ण प्रोजेक्ट बनाने के साथ-साथ आसपास के शहरी इकोसिस्टम में सार्थक योगदान देने में विश्वास रखते हैं। यह 24 मीटर चौड़ी सरकारी सड़क अधिकारियों की पूर्व मंजूरी से बनाई गई है और अब सार्वजनिक उपयोग के लिए खुली है। यह गुरुग्राम के इस हिस्से में निवासियों की पहुंच बढ़ाने और समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जैसे-जैसे सेक्टर 49 और आसपास के क्षेत्र गुरुग्राम में एक बड़े रिहायशी हब के रूप में विकसित हो रहे हैं, यह नई सार्वजनिक सड़क पूरे माइक्रो मार्केट में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। साथ ही यह सड़क एक अधिक एकीकृत शहरी वातावरण को भी बढ़ावा देगी।