गुरुग्राम में रेरा के 446 करोड़ रुपये बकाया पर बड़ी कार्रवाई, 71 बिल्डर्स के बैंक खाते फ्रीज

गुरुग्राम में रेरा के 446 करोड़ रुपये बकाया पर बड़ी कार्रवाई, 71 बिल्डर्स के बैंक खाते फ्रीज

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी हरेरा के बकाये को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत 71 डिफॉल्टर्स बिल्डर्स और प्रमोटर्स के बैंक खातों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज कर दिया गया है। यह पूरी राशि हरेरा की ओर से लगाए गए जुर्माने और रिफंड राशि से जुड़ी हुई है।

  • 71 बिल्डर्स के बैंक खाते फ्रीज किए गए
  • 446 करोड़ रुपये के रिकवरी सर्टिफिकेट लंबित हैं
  • चल और अचल संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया शुरू
  • डिफॉल्टर की गिरफ्तारी और हिरासत का भी प्रावधान

446 करोड़ रुपये के रिकवरी सर्टिफिकेट लंबित

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हरेरा गुरुग्राम द्वारा निर्धारित जुर्माने और रिफंड राशि का भुगतान न करने वाले 71 बिल्डर्स और प्रमोटर्स के बैंक खातों को फ्रीज किया गया है। इन डिफॉल्टर बिल्डर्स के खिलाफ 446 करोड़ रुपये के रिकवरी सर्टिफिकेट लंबित हैं। इनमें से कई मामलों में चार वर्ष से अधिक समय से राशि की वसूली नहीं हो पाई है। बिल्डर्स व प्रमोटर्स पर जिला प्रशासन गुरुग्राम की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

संपत्तियों की कुर्की और गिरफ्तारी की कार्रवाई

रेरा की ओर से निर्धारित राशि को भू-राजस्व के बकाये की तरह वसूला जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत जिला प्रशासन ने सभी 71 डिफॉल्टर बिल्डरों के बैंक खाते तत्काल प्रभाव से फ्रीज करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही पंजाब लैंड रेवेन्यू एक्ट, जैसा कि हरियाणा में लागू है, के प्रावधानों के तहत उनकी चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यदि फ्रीज किए गए बैंक खातों अथवा कुर्क की गई संपत्तियों से बकाया राशि की वसूली नहीं हो पाती है, तो भू-राजस्व कानून के तहत उपलब्ध अन्य कठोर कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी, जिसमें डिफ़ॉल्टर की गिरफ्तारी एवं हिरासत की कार्रवाई भी शामिल है। सभी संबंधित बिल्डरों को बकाया राशि तत्काल जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

प्रमुख डिफॉल्टर बिल्डरों पर बकाया राशि का ब्यौरा

प्रमुख डिफॉल्टर बिल्डरों में अंसल हाउसिंग/अंसल कंस्ट्रक्शन हाउसिंग पर 91 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। इसके अलावा रहेजा पर 90 करोड़ रुपये, वाटिका पर 80 करोड़ रुपये, पाश्र्वनाथ पर 74 करोड़ रुपये और रामप्रस्थ पर 57 करोड़ रुपये बकाया हैं। साथ ही आईआरईओ पर 24 करोड़ रुपये तथा आईएलडी मिलेनियम पर 8.59 करोड़ रुपये की बकाया राशि लंबित है।

घर खरीदारों तक राशि पहुंचाना मुख्य उद्देश्य

उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा बिल्डर के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करना अपनी जगह है। लेकिन जब तक वसूली की गई राशि वास्तविक लाभार्थी यानी घर खरीदार तक नहीं पहुंचती, तब तक पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य पूरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कानूनन घर खरीदारों को मिलने वाली राशि की वसूली प्रभावी ढंग से हो। उन्होंने बताया कि जिले में हरेरा की बकाया राशि की वसूली की प्रक्रिया पूर्व में अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई थी। वर्तमान कार्रवाई लंबित सभी रिकवरी सर्टिफिकेट की व्यापक समीक्षा के बाद शुरू की गई है।

साप्ताहिक समीक्षा और रिकवरी की स्थिति की जानकारी

उन्होंने कहा कि वसूली की प्रगति की साप्ताहिक स्तर पर डीसी कार्यालय द्वारा समीक्षा की जाएगी। संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को रिकवरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा है कि जिन घर खरीदारों के पक्ष में हरेरा द्वारा रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किए गए हैं, वे अपनी रिकवरी की स्थिति जानने के लिए जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment